शिवपुरी जिले के पोहरी थाना क्षेत्र से इंसानियत को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। गुरुवार शाम एक पिता अपनी चार साल की बेटी को बेहोशी की हालत में लेकर अस्पताल पहुंचा। डॉक्टरों ने जांच के बाद मासूम को मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक परीक्षण में डॉक्टरों ने आशंका जताई है कि बच्ची के साथ गलत काम का प्रयास किया गया और फिर गला दबाकर उसकी जान ली गई। खबर मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार घटना पोहरी थाना क्षेत्र के एक गांव की है। बच्ची के पिता ने पुलिस को बताया कि वह रोज की तरह काम पर गया था। पत्नी भी किसी जरूरी काम से भटनावर गई हुई थी। घर पर चार साल की बेटी दूसरे बच्चों के साथ खेल रही थी। शाम करीब छह बजे जब पिता घर लौटा तो बेटी घर के भीतर बेसुध हालत में मिली।

घबराए पिता ने बिना देर किए बेटी को गोद में उठाया और पोहरी अस्पताल की ओर दौड़ पड़ा। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टर जितेंद्र धाकड़ ने बच्ची की जांच की, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं।

शरीर पर मिले संदिग्ध निशान

पोहरी अस्पताल के डॉक्टर जितेंद्र धाकड़ ने बताया कि प्रारंभिक परीक्षण में बच्ची के शरीर पर कुछ संदिग्ध निशान मिले हैं। हालात देखकर लगता है कि किसी ने बच्ची के साथ गलत हरकत की कोशिश की और पहचान छिपाने के लिए गला दबाकर हत्या कर दी। घटना दोपहर तीन से चार बजे के बीच होने की आशंका है। मौत की असल वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही सामने आएगी। रात अधिक होने के कारण शव को सुरक्षित रखवा दिया गया है। आज डॉक्टरों के पैनल से पोस्टमार्टम कराया जाएगा।

ये भी पढ़ें- काल बनकर दो किशोर बच्चों के ऊपर गिरा आम का पेड़, एक की इलाज के दौरान मौत; दूसरे की हालत गंभीर

पुलिस कर रही जांच

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया, एसडीओपी पोहरी आनंद राय और थाना पुलिस मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। घर के आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि अभी यह साफ नहीं हो पाया है कि इस जघन्य वारदात को किसने अंजाम दिया। बच्ची की मां और अन्य परिजनों के लौटने के बाद उनसे भी पूछताछ की जाएगी। गांव में खेल रहे बच्चों से भी जानकारी जुटाई जा रही है ताकि कोई सुराग मिल सके। चार साल की मासूम की मौत से पूरे गांव में मातम पसरा है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में कभी ऐसा मामला सामने नहीं आया। लोग आरोपी की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग कर रहे हैं। घटना के बाद से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। माता पिता अपनी बच्चियों को लेकर चिंतित हैं।

पीएम रिपोर्ट का इंतजार

एसपी यांगचेन डोलकर भूटिया ने बताया कि मामला बेहद संवेदनशील है। हर एंगल से जांच की जा रही है। फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है। आसपास लगे कैमरे और संदिग्ध लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि दोषी किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। बच्ची के परिजनों को न्याय दिलाने के लिए पुलिस की कई टीमें काम कर रही हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई तय होगी। फिलहाल पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *