माध्यमिक शिक्षा मंडल (एमपीबीएसई) द्वारा आयोजित हायर सेकेंडरी (कक्षा 12वीं) द्वितीय परीक्षा वर्ष-2026 का परिणाम शुक्रवार को शाम 4 बजे घोषित किया जाएगा। विद्यार्थी मंडल की वेबसाइट पर अपना परीक्षा परिणाम देख सकेंगे। रिजल्ट जारी होने के साथ ही प्रदेशभर के हजारों विद्यार्थियों का इंतजार खत्म हो जाएगा।
मुख्य परीक्षा में 6.89 लाख विद्यार्थी हुए थे शामिल
इस वर्ष एमपी बोर्ड की 12वीं मुख्य परीक्षा में कुल 6 लाख 89 हजार 746 विद्यार्थी शामिल हुए थे। मुख्य परीक्षा का परिणाम 15 अप्रैल को घोषित किया गया था। परीक्षा में नियमित विद्यार्थियों का पास प्रतिशत 76.01 प्रतिशत रहा। कुल 4 लाख 66 हजार 406 विद्यार्थी सफल घोषित किए गए थे।
करीब 1.47 लाख विद्यार्थियों को मिला दूसरा मौका
मुख्य परीक्षा में करीब 1 लाख 47 हजार विद्यार्थी सफल नहीं हो सके थे। इसके अलावा ऐसे छात्र-छात्राओं को भी मौका दिया गया, जो अपने अंकों में सुधार करना चाहते थे। इन्हीं विद्यार्थियों के लिए बोर्ड ने द्वितीय परीक्षा आयोजित की थी।
7 से 25 मई तक आयोजित हुई थी द्वितीय परीक्षा
राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) के तहत इस वर्ष पूरक परीक्षा की जगह द्वितीय परीक्षा प्रणाली लागू की गई है। 12वीं की द्वितीय परीक्षा 7 मई से 25 मई तक प्रदेशभर के परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की गई थी। इस परीक्षा में असफल विद्यार्थियों के साथ अंक सुधारने वाले छात्र भी शामिल हुए थे।
यह भी पढ़ें-MP में प्री-मानसून का असर तेज, आज छह जिलों में गिरेंगे ओले, कई शहरों में आंधी-बारिश का अलर्ट
उच्च शिक्षा में प्रवेश के लिए महत्वपूर्ण है परिणाम
द्वितीय परीक्षा का परिणाम उन विद्यार्थियों के लिए बेहद अहम माना जा रहा है, जो कॉलेजों, व्यावसायिक पाठ्यक्रमों और अन्य उच्च शिक्षा संस्थानों में प्रवेश की तैयारी कर रहे हैं। रिजल्ट जारी होने के बाद विद्यार्थी अपनी अंकसूची डाउनलोड कर सकेंगे और आगे की प्रवेश प्रक्रिया में शामिल हो सकेंगे।
