यह तीनों घटनाएं बताती हैं-ग्वालियर में बदमाश बेखौफ हैं। …और पढ़ें

Publish Date: Mon, 25 May 2026 12:58:46 PM (IST)Updated Date: Mon, 25 May 2026 12:59:32 PM (IST)

ग्वालियर: 24 घंटे में गुंडागर्दी की 3 बड़ी वारदातें, युवक को बंधक बनाकर कनपटी पर अड़ाई पिस्टल
उपनगर ग्वालियर में युवक को टक्कर मारती कार (गोल घेरे में) l सीसीटीवी फुटेज

HighLights

  1. बंधक बनाकर 2 घंटे तक टॉर्चर
  2. कार में डालकर ले गए मेला ग्राउंड, रंजिश में बेरहमी से पीटा
  3. रफ्तार कम करने को कहा तो कार से रौंदा, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात

नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। शहर में 24 घंटों के भीतर गुंडागर्दी की तीन वारदात हुई। बदमाशों ने बेखौफ होकर कहीं घर में बंधक बनाकर पीटा और कनपटी पर पिस्टल अड़ाकर गोली मारने की धमकी दी। कहीं कार में डालकर पीटा तो कहीं झगड़े के बाद कार से ही टक्कर मार दी। दो वारदात गोला का मंदिर और एक घटना हजीरा क्षेत्र में हुई। यह तीनों घटनाएं बताती हैं- शहर में बदमाश बेखौफ हैं। खास बात तो यह है- गोला का मंदिर इलाके में इतनी गंभीर वारदात होने के बाद भी एफआइआर पुलिस ने सामान्य मारपीट की धाराओं में की।

घर से बुलाया और दो घंटे तक पीटते रहे

गोला का मंदिर थाना क्षेत्र के अंतर्गत सैनिक कालोनी में रहने वाला आकाश भदौरिया रात को अपने घर पर मौजूद था। उसका परिचित आयुष परिहार घर पर आया। उसे बोला कि कुछ काम है। उसे दूसरी गली तक ले गया। यहां बदमाश मनोज राजावत रहता है। आयुष के साथ तीन-चार लोग और आ गए। फिर उसे पीटा और मनोज के घर के अंदर ले गए। यहां मनोज पहले से मौजूद था। इन लोगों ने जमकर मारपीट की। कनपटी पर पिस्टल अड़ा दी। पिस्टल अड़ाकर गोली मारने की धमकी दी।

आकाश ने नईदुनिया को बताया कि गोली मारने की धमकी देते हुए अपने मोबाइल से अपने विरोधियों को काल लगवाया। इन्हें धमकी दिलवाई। धमकी आकाश को अपने नाम से देने के लिए कहा। दो घंटे बाद उसे छोड़ दिया। फिर आकाश थाने पहुंचा। यहां एफआइआर के लिए कहा तो स्टाफ बोला- एफआइआर में सिर्फ मारपीट की बात लिखी जाएगी। अगर पिस्टल की बात लिखानी है तो टीआइ के आने पर आना। पूरे दिन टीआइ धर्मेंद्र यादव का इंतजार करते रहे, लेकिन वह नहीं मिले।

naidunia_image

रंजिश पर युवक को कार में डालकर पीटा

गोला का मंदिर स्थित सीताराम कालोनी में रहने वाला यश पुत्र अनिल यादव भाऊसाहब पोतनीस एंक्लेव के पास मोंटू राजपूत के साथ खड़ा था। यहां पीयूष राजावत और आकाश राजावत आ गए। इन लोगों ने आते ही रंजिश के चलते मारपीट शुरू कर दी। उसे कार में डाला और मेला ग्राउंड में ले गए। यहां भी मारपीट करते रहे। यश को छोड़कर भाग गए। पुलिस ने एफआइआर दर्ज कर ली है।

पहले मुंहवाद फिर युवक को कार से मारी टक्कर

उपनगर ग्वालियर में लधेड़ी के पास युवक पर मुंहवाद के बाद जानलेवा हमला हो गया। उसे कार से टक्कर मारकर आरोपित भाग निकले। युवक गंभीर रूप से घायल है। वह अस्पताल में भर्ती है। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। शिवप्रताप पुत्र महेंद्र पाराशर अपने दोस्तों के साथ रात करीब 11.30 बजे सोना गार्डन के पास गया था। यहां वह और उसके दोस्त फालूदा खा रहे थे। इसी दौरान कार सवार युवक तेज रफ्तार में निकले। कार की गति कम करने के लिए कहा तो यह भड़क गए। इनके बीच में मुंहवाद हुआ। इसके बाद युवक कार लौटाकर लाया और कार से शिवप्रताप को टक्कर मार दी। वह उछलकर सड़क पर गिरा। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *