ग्वालियर में ई-नगर पालिका की एसएमएस सेवा बंद होने से हजारों जलकर उपभोक्ता समय पर बिल जानकारी नहीं पा रहे। इसके कारण लोगों पर हर महीने पेनाल्टी का अतिर …और पढ़ें

Publish Date: Wed, 20 May 2026 08:17:46 AM (IST)Updated Date: Wed, 20 May 2026 08:17:46 AM (IST)

हजारों जलकर उपभोक्ताओं पर जुर्माने का बोझ, 6 फरवरी के बाद से नहीं आ रही SMS से बिलों की सूचना
ग्वालियर शहर के हजारों जलकर उपभोक्ता परेशान। (फाइल फोटो)

HighLights

  1. दो महीने से जलकर बिल संबंधी एसएमएस सेवा पूरी तरह बंद
  2. उपभोक्ताओं को बिल जमा अंतिम तारीख की जानकारी नहीं मिल रही
  3. 150 रुपये बिल पर 15 रुपये अतिरिक्त पेनाल्टी लग रही

नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। ग्वालियर शहर के हजारों जलकर उपभोक्ता पिछले दो महीनों से एक तकनीकी समस्या के कारण अतिरिक्त आर्थिक बोझ झेल रहे हैं। नगर निगम की ई-नगर पालिका पोर्टल से संचालित एसएमएस सूचना सेवा बंद होने के चलते लोगों को न तो बिल जनरेट होने की जानकारी मिल रही है और न ही अंतिम भुगतान तिथि का पता चल पा रहा है।

परिणामस्वरूप बड़ी संख्या में उपभोक्ता समय पर बिल जमा नहीं कर पा रहे और उन्हें हर महीने पेनाल्टी चुकानी पड़ रही है। खास बात यह है कि कई इलाकों में फिजिकल बिल भी समय पर नहीं पहुंच रहे, जिससे लोगों की परेशानी और बढ़ गई है। निगम ने इस समस्या की शिकायत भोपाल स्तर पर दर्ज कराई है।

छह फरवरी के बाद बंद हुई एसएमएस सेवा

  • नगर निगम द्वारा ई-नगर पालिका पोर्टल के माध्यम से जलकर, संपत्तिकर और अन्य करों की सूचना उपभोक्ताओं तक एसएमएस के जरिए पहुंचाई जाती थी। लेकिन छह फरवरी के बाद से यह सेवा पूरी तरह बंद पड़ी है। इसके कारण उपभोक्ताओं के मोबाइल पर बिल जनरेशन और भुगतान की अंतिम तिथि संबंधी संदेश नहीं पहुंच रहे हैं।
  • शहर में करीब सवा दो लाख जलकर कनेक्शन हैं। इनमें बड़ी संख्या ऐसे उपभोक्ताओं की है, जो बिल जमा करने के लिए एसएमएस अलर्ट पर निर्भर रहते थे। संदेश मिलते ही लोग ऑनलाइन या कलेक्शन सेंटर जाकर समय पर भुगतान कर देते थे, लेकिन अब सूचना न मिलने से लोग अनजाने में लेट फीस भरने को मजबूर हैं।

फिजिकल बिल भी समय पर नहीं पहुंच रहे

  • उपभोक्ताओं की परेशानी इसलिए भी बढ़ गई है क्योंकि कई क्षेत्रों में फिजिकल बिल वितरण की व्यवस्था भी सुचारु नहीं चल रही। नगर निगम द्वारा पहले कर्मचारियों के माध्यम से घर-घर बिल पहुंचाने की व्यवस्था बनाई गई थी, लेकिन शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं कि कई घरों तक बिल समय पर नहीं पहुंचते।
  • कई मामलों में उपभोक्ताओं को बिल तब मिलता है, जब उस पर बकाया और पेनाल्टी जुड़ चुकी होती है। ऐसे में एसएमएस सेवा लोगों के लिए सबसे भरोसेमंद माध्यम बन गई थी। अब उसके ठप होने से भ्रम और नाराजगी दोनों बढ़ रही हैं।

150 रुपये के बिल पर 15 रुपये पेनाल्टी

  • नगर निगम पानी के बिल के रूप में प्रतिमाह 150 रुपये वसूलता है। पहले तीन माह का बिल एक साथ भेजा जाता था, जिससे उपभोक्ताओं को भुगतान के लिए पर्याप्त समय मिल जाता था। उस समय पेनाल्टी भी तीन माह बाद लगती थी।
  • अब मासिक बिलिंग व्यवस्था लागू होने के बाद हर महीने बिल जनरेट हो रहा है। यदि उपभोक्ता समय पर भुगतान नहीं कर पाते, तो 10 प्रतिशत तक पेनाल्टी जोड़ दी जाती है। यानी 150 रुपये के बिल पर करीब 15 रुपये अतिरिक्त देने पड़ रहे हैं। हजारों उपभोक्ता हर महीने यह अतिरिक्त राशि भर रहे हैं।

तकनीकी खामी बताकर निगम ने भोपाल भेजी शिकायत

  • नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, ई-नगर पालिका पोर्टल के जरिए बल्क एसएमएस सेवा एक निजी एजेंसी द्वारा संचालित की जाती है। फिलहाल सर्वर इंटीग्रेशन और तकनीकी खामी के कारण सेवा प्रभावित बताई जा रही है।
  • उपभोक्ताओं की लगातार शिकायतों के बाद नगर निगम ने भोपाल स्थित ई-नगर पालिका पोर्टल से जुड़े अधिकारियों को समस्या की जानकारी भेजी है। निगम का कहना है कि सेवा जल्द बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि लोगों को समय पर बिल संबंधी सूचना मिल सके और उन्हें अनावश्यक पेनाल्टी से राहत मिले।

समस्या का समाधान किया जा रहा है

जलकर उपभोक्ताओं के पास बिल के मैसेज न आने का मामला संज्ञान में आया है। इस 
मामले में ई-नगर पालिका पोर्टल के अफसरों से संपर्क कर समस्या का समाधान कराया जाएगा, जिससे उपभोक्ताओं को परेशानी न हो। संघ प्रिय, आयुक्त
नगर निगम, ग्वालियर



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *