लगातार हो रही बढ़ोतरी से रोजमर्रा की जरूरतों और परिवहन खर्च में भी इजाफे के आसार बढ़ गए हैं। …और पढ़ें

HighLights
- एक ही महीने में तीसरी बार बढ़े ईंधन के दाम
- अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के उतार-चढ़ाव का असर
- लगातार हो रही बढ़ोतरी से रोजमर्रा की जरूरतों में इजाफे के आसार
डिजिटल डेस्क, ग्वालियर। पश्चिम एशिया में जारी युद्ध और वैश्विक स्तर पर ईंधन आपूर्ति पर बढ़ते दबाव का असर अब ग्वालियर के आम उपभोक्ताओं की जेब पर साफ दिखने लगा है। शहर में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में शनिवार 23 मई को एक बार फिर बढ़ोतरी कर दी गई। मई महीने में यह तीसरी बार है जब ईंधन के दाम बढ़े हैं। लगातार हो रही बढ़ोतरी से रोजमर्रा की जरूरतों और परिवहन खर्च में भी इजाफे के आसार बढ़ गए हैं।
दोनों ईंधनों के दाम में 94-94 पैसे प्रति लीटर की वृद्धि
मोतीझील स्थित कुंदनमल-सूरजमल इंटरप्राइजेज पेट्रोल पंप के मैनेजर संतोष शर्मा के मुताबिक नई दरें शनिवार सुबह छह बजे से लागू कर दी गई हैं। ताजा बढ़ोतरी के बाद ग्वालियर में पेट्रोल 111.59 रुपये प्रति लीटर और डीजल 96.77 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया है। दोनों ईंधनों के दाम में 94-94 पैसे प्रति लीटर की वृद्धि दर्ज की गई है।
इससे पहले मंगलवार को भी पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़े थे। तब पेट्रोल 95 पैसे महंगा होकर 110.65 रुपये प्रति लीटर और डीजल 93 पैसे बढ़कर 95.83 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया था। वहीं बीते शुक्रवार को तेल कंपनियों ने बड़ी बढ़ोतरी करते हुए पेट्रोल के दाम में 3.28 रुपये और डीजल में 3.10 रुपये प्रति लीटर की वृद्धि की थी। लगातार बढ़ रहे ईंधन दामों का असर अब परिवहन, सब्जियों, खाद्य सामग्री और अन्य रोजमर्रा की वस्तुओं की कीमतों पर भी पड़ने की संभावना जताई जा रही है।
