नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। भारतीय सेना में शामिल होकर देश सेवा करने का जज्बा युवाओं के सिर चढ़कर बोल रहा है। यही वजह है कि सोमवार से शुरू हुई अग्निवीर भर्ती की ऑनलाइन लिखित परीक्षा में अभ्यर्थियों का उत्साह देखने लायक रहा। भीषण गर्मी और धूप के बावजूद बड़ी संख्या में युवा परीक्षा केंद्रों पर पहुंचे। पहले ही दिन उपस्थिति का प्रतिशत 95 के करीब दर्ज किया गया।

5,827 अभ्यर्थी उपस्थित रहे

ग्वालियर और सागर स्थित चार परीक्षा केंद्रों पर पहले दिन कुल 6,134 अभ्यर्थियों को परीक्षा में शामिल होना था। इनमें से 5,827 अभ्यर्थी उपस्थित रहे, जबकि 307 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। सेना अधिकारियों के अनुसार यह अब तक की सबसे बेहतर उपस्थिति में से एक है। पिछली बार लिखित परीक्षा में 80 से 82 प्रतिशत अभ्यर्थी ही शामिल हुए थे।

कई जिलों के अभ्यर्थी शामिल हुए

अग्निवीर भर्ती परीक्षा में ग्वालियर, भिंड, मुरैना, दतिया, शिवपुरी, श्योपुर, निवाड़ी, टीकमगढ़, सागर और छतरपुर सहित कई जिलों के अभ्यर्थी शामिल हुए। दूर-दराज के जिलों से आने वाले कई अभ्यर्थी रात में ही परीक्षा केंद्रों के बाहर पहुंच गए थे, ताकि सुबह किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

चितौरा रोड स्थित आइओएन डिजिटल जोन केंद्र पर रात से ही अभ्यर्थियों की आवाजाही शुरू हो गई थी। सुबह सात बजे रिपोर्टिंग शुरू होने के साथ ही परीक्षा केंद्रों के बाहर लंबी कतारें दिखाई दीं। पहली शिफ्ट की परीक्षा सुबह 8.30 बजे से शुरू हुई, जबकि अंतिम शिफ्ट शाम 6.30 बजे समाप्त हुई।

सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे

परीक्षा के दौरान सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। सभी केंद्रों पर सेना के अधिकारी ऑब्जर्वर के रूप में तैनात रहे। स्थानीय पुलिस बल भी सुरक्षा व्यवस्था संभालने में जुटा रहा।

उम्मीदवारों का क्या कहना

मुरैना से परीक्षा देने आए 18 वर्षीय सुमेर सिंह तोमर ने बताया कि उनके पिता सीआरपीएफ में हैं और बड़े भाई सेना में कार्यरत हैं। बचपन से ही वर्दी पहनकर देश सेवा करने का सपना है। उन्होंने कहा कि चाहे चार साल के लिए मौका मिले या एक साल के लिए, सेना की वर्दी पहनना गर्व की बात है।

भिंड के किसूपुरा निवासी उत्तम शर्मा ने बताया कि पिछली बार आयु सीमा के कारण वह भर्ती प्रक्रिया से बाहर हो गए थे, लेकिन इस बार अधिकतम आयु सीमा 22 वर्ष होने से उन्हें फिर मौका मिला है।

वहीं परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में कई अभ्यर्थियों को परेशानी का सामना भी करना पड़ा। चितौरा रोड स्थित केंद्र तक पहुंचाने के लिए कुछ ऑटो चालकों द्वारा मनमाना किराया वसूले जाने की शिकायतें भी सामने आईं।

परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई

सेना भर्ती कार्यालय के निदेशक कर्नल पंकज कुमार ने बताया कि पहले दिन सभी परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। सुरक्षा व्यवस्था के पर्याप्त इंतजाम किए गए थे और कुल 5,827 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए।

यह भी पढ़ें- दो किमी का खतरनाक रास्ता तय कर झिरिया का गंदा पानी लाती हैं बच्चियां, बुरहानपुर में गहराया जलसंकट



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *