नईदुनिया प्रतिनिधि,ग्वालियर। शहर के गोल पहाड़िया इलाके में भिंड से 15 वर्षीय किशोरी को बहला-फुसलाकर लाने वाले दरिंदे ने न सिर्फ उसका सौदा कर दिया, बल्कि अपने दोस्त के साथ मिलकर सामूहिक दुष्कर्म करने के बाद बेरहमी से उसकी हत्या कर डाली। किशोरी का पहले गला घोंटा, फिर पत्थर से चेहरा कुचल दिया। 24 घंटे बाद आरोपित फिर यहां अपने एक साथी के साथ आए और पेट्रोल डालकर लाश जला दी।

इस दिल दहला देने वाली वारदात को अंजाम देने वाला मुख्य आरोपित रामू गुर्जर, उसका दोस्त गौरव कुशवाह और लाश जलाने में साथ देने वाला अरुण कुशवाह पकड़े गए हैं। भिंड और ग्वालियर पुलिस ने सोमवार रात को शव को पहाड़ी से नीचे उतारा और पोस्टमार्टम हाउस भिजवाया।

अपहरण से हत्या तक का घटनाक्रम

28 मई: भिंड जिले की रहने वाली 15 वर्षीय छात्रा घर से लापता हो गई, जिसके बाद स्वजन ने मौ थाने पहुंचकर अपहरण की एफआईआर दर्ज कराई। आरोपित किशोरी को बुलट पर पीछे बैठाकर ग्वालियर लाए थे, जिसके फुटेज पुलिस को मिले हैं।

वारदात की रात आरोपितों ने पहले जमकर शराब पी। रामू गुर्जर किशोरी को गौरव से शादी करने और शारीरिक संबंध बनाने के लिए मजबूर कर रहा था। जब वह भागने लगी तो उसके साथ गैंगरेप किया गया। किशोरी द्वारा घर पर शिकायत करने की बात कहने पर उसका गला दबाकर और चेहरा कुचलकर हत्या कर दी गई।

अगले दिन: रामू और गौरव अपने साथी अरुण कुशवाह के साथ गोल पहाड़िया पर नवगृह मंदिर के पीछे पहुंचे और पहचान छिपाने के लिए लाश को पेट्रोल डालकर जला दिया।

आरोपित का कबूलनामा

रामू गुर्जर ने पुलिस पूछताछ में बताया कि वह किशोरी को लेकर ग्वालियर आया था, लेकिन खुद शादी नहीं करना चाहता था। उसने गौरव कुशवाह से 50 हजार रुपये लेकर उसकी शादी कराने की बात कही थी। जब किशोरी ने गौरव से शादी करने से इन्कार कर दिया और रोते हुए बोली कि जिसके भरोसे घर से भागकर आई उससे छोड़कर गौरव से शादी कैसे कर ले, तो इन्कार करने पर उसके साथ गैंगरेप कर हत्या कर डाली।”

पुलिस कार्रवाई और आधिकारिक बयान

पुलिस ने किशोरी के मोबाइल नंबर की सीडीआर निकलवाई, जिससे रामू गुर्जर से लगातार बातचीत होने का पता चला। सोमवार तड़के पुलिस ने रामू को पकड़ा, जिसकी निशानदेही पर गौरव और अरुण कुशवाह को भी गिरफ्तार किया गया। शाम को पुलिस आरोपितों को लेकर जनकगंज नवगृह मंदिर के पीछे पहाड़ी पर पहुंची, जहां जली हुई लाश बरामद हुई।

आधिकारिक वर्जन

“भिंड से अपहृत किशोरी की गैंगरेप के बाद हत्या की गई है। आरोपितों ने लाश भी जला दी। आरोपितों को पकड़ लिया है और भिंड पुलिस के सिपुर्द कर दिया है।”

– किरण अहिरवार, सीएसपी, लश्कर सर्किल

यह भी पढ़ें- नौतपा के आठवें दिन बदला मौसम, बैतूल में तेज हवाओं और ओलावृष्टि के साथ हुई जोरदार बारिश, गर्मी से मिली राहत



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *