नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। केन्द्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड द्वारा कक्षा 12वीं के परिणाम घोषित किए जाने के बाद अब उन छात्रों के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर सामने आया है, जो अपने अंकों से संतुष्ट नहीं हैं। बोर्ड ने परिणाम घोषणा बाद की सुविधाओं के तहत उत्तर पुस्तिकाओं के आनलाइन सत्यापन और प्रश्नों के पुनर्मूल्यांकन की प्रक्रिया का दूसरा चरण शुरू कर दिया है।

सीबीएसई के जारी ताजा सर्कुलर के मुताबिक, इसके लिए आधिकारिक पोर्टल लाइव हो चुका है और छात्र छह जून की मध्यरात्रि तक आवेदन दर्ज कर सकते हैं। ग्वालियर संभाग के विभिन्न सीबीएसई स्कूलों से इस वर्ष हजारों छात्र परीक्षा में शामिल हुए थे।

शहर के शिक्षा विशेषज्ञों और प्राचार्यों के अनुमान के मुताबिक, ग्वालियर से करीब 1200 से 1500 ऐसे संभावित छात्र हैं, जो इस बार पुनर्मूल्यांकन और समस्याओं के सत्यापन के लिए फार्म भर सकते हैं। यह वे छात्र हैं, जिन्होंने पहले चरण में अपनी उत्तर पुस्तिका की स्कैन कॉपी के लिए आवेदन किया था और अब अपने अंकों को सुधरवाने की उम्मीद लगाए बैठे हैं।

क्या है फीस स्ट्रक्चर और समय-सीमा

सीबीएसई के परीक्षा नियंत्रक डॉ. संयम भारद्वाज द्वारा जारी आदेश के अनुसार, आवेदन और शुल्क भुगतान की पूरी प्रक्रिया केवल आनलाइन मोड में ही स्वीकार की जाएगी।

पोर्टल चालू रहने की अवधि: 02 जून मंगलवार से 06 जून 2026 शनिवार मध्यरात्रि तक।

समस्याओं के सत्यापन का शुल्क: 100 रुपये प्रति उत्तर पुस्तिका।

प्रश्नों के पुनर्मूल्यांकन का शुल्क: 25 रुपये प्रति प्रश्न।

केवल इन छात्रों को मिलेगा मौका

बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि इस सुविधा का लाभ केवल वही छात्र उठा सकते हैं, जिन्होंने स्टेज एक के तहत अपनी मूल्यांकित उत्तर पुस्तिका की स्कैन कापी प्राप्त की है। छात्र केवल एक ही ऑनलाइन आवेदन जमा कर सकते हैं, इसलिए उन्हें पहले ही यह तय करना होगा कि वे एक विषय के लिए आवेदन करना चाहते हैं या एक से अधिक विषयों के लिए। ऑफलाइन मोड, कैश, चेक या पोस्टल आर्डर से कोई भी फीस या आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *