ग्वालियर की इंदरगंज थाना पुलिस ने गिरोह के दो और सदस्यों को गिरफ्तार कर करीब 94 लाख 25 हजार रुपये मूल्य का चोरी का माल बरामद किया है। …और पढ़ें
_m.webp)
HighLights
- पुलिस ने बरामद किया ₹94.25 लाख का चोरी का सोना-चांदी
- पुलिस ट्रैकिंग से बचने के लिए करता था सीक्रेट चैट का उपयोग
- जल्द अमीर बनने के चक्कर में छात्र बना गिरोह का मास्टरमाइंड
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। सूने मकानों को निशाना बनाकर लाखों रुपये की चोरी करने वाले हाईटेक गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। ग्वालियर की इंदरगंज थाना पुलिस ने गिरोह के दो और सदस्यों को गिरफ्तार कर करीब 94 लाख 25 हजार रुपये मूल्य का चोरी का माल बरामद किया है। इसमें 300 ग्राम सोना, साढ़े 14 किलो चांदी, नकदी और चोरी के पैसों से खरीदी गई आई-20 कार शामिल है। पुलिस इसे वर्ष 2026 की सबसे बड़ी रिकवरी मान रही है।
बीहड़ के गड्ढे में छिपाया था चोरी का माल
आरोपितों ने सोना-चांदी सहित अन्य सामान पनिहार टोल प्लाजा के आगे बीहड़ क्षेत्र में गड्ढे में छिपा दिया था। पुलिस के अनुसार पांच मई को इंदरगंज निवासी अजय शंकर मित्तल के सूने मकान का ताला तोड़कर चोर लाखों रुपये के जेवरात व अन्य कीमती सामान चोरी कर ले गए थे।
कंप्यूटर इंजीनियरिंग का छात्र निकला गिरोह का सरगना
जांच में पता चला कि गिरोह का सरगना विवेक प्रजापति कंप्यूटर इंजीनियरिंग का छात्र रहा है, जो जल्द अधिक पैसा कमाने की चाहत में अपराध का रास्ता चुना और साथियों को मिलाकर संगठित गिरोह तैयार कर लिया। गिरोह के सदस्य रेकी करने के बाद ऐसे मकानों को निशाना बनाते थे, जहां कई दिनों तक परिवार घर से बाहर रहता था।
ट्रैकिंग से बचने के लिए इंस्टाग्राम कॉल और सीक्रेट चैट का उपयोग
विवेक साथियों और स्वजन से संपर्क के लिए इंस्टाग्राम कॉल और सीक्रेट चैट फीचर का उपयोग करता था, ताकि पुलिस उसकी गतिविधियों और लोकेशन को आसानी से ट्रैक न कर पाए। वह गिरफ्तारी के बाद करीब 48 घंटे तक पुलिस को गुमराह करता रहा।
सराफा कारोबारी सहित गिरोह के कई सदस्य गिरफ्तार
साथी फरमान खान से मिली जानकारी के बाद पुलिस ने चोरी का माल बरामद कर लिया। साथ ही चोरी का सामान खरीदने के आरोप में सराफा कारोबारी विवेक सोनी को भी गिरफ्तार किया है। सीएसपी रोबिन जैन के मुताबिक मामले में अब तक विवेक प्रजापति, फरहान खान, आकाश माहौर, मयूर राठौर, एक नाबालिग और विवेक सोनी को गिरफ्तार किया गया है। सभी से पूछताछ की जा रही है।
यह भी पढ़ें- Twisha Sharma मामले में जांच ने पकड़ी रफ्तार, फोरेंसिक विशेषज्ञों की सीबीआई टीम भोपाल पहुंची
