ग्वालियर में 44 डिग्री तापमान के बीच बिजली व्यवस्था चरमरा गई है। लगातार ट्रिपिंग और फाल्ट से लोग परेशान हैं, जबकि रोजाना 3400 से ज्यादा शिकायतें दर्ज …और पढ़ें
_m.webp)
HighLights
- भीषण गर्मी में ग्वालियर की बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमराई।
- कई इलाकों में घंटेभर में दस बार बिजली गुल हुई।
- ट्रांसफार्मर ओवरलोड से केबल जलने और फाल्ट बढ़े लगातार।
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। पारा 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचते ही बिजली कंपनी की निर्बाध बिजली आपूर्ति के दावे धराशायी होते नजर आ रहे हैं।
भीषण गर्मी और लगातार बढ़ रहे ओवरलोड के कारण शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक बिजली व्यवस्था चरमरा गई है। हालात यह हैं कि कई इलाकों में एक घंटे में दस से अधिक बार बिजली गुल हो रही है, जिससे लोग गर्मी में पानी और चैन की नींद के लिए तरस रहे हैं।
अत्यधिक गर्मी के चलते बिजली उपकरण जवाब देने लगे हैं। ट्रांसफार्मरों पर बढ़ते लोड के कारण केबल जलने, फेज उड़ने और डीओ खराब होने की घटनाएं तेजी से बढ़ रही हैं। कई स्थानों पर ट्रांसफार्मरों से जुड़े केबल गर्म होकर गल जा रहे हैं, जिससे बार-बार बिजली आपूर्ति बाधित हो रही है। उप महाप्रबंधक अजीत कुमार राजपूत का कहना है कि गर्मी के चलते शिकायतें बढ़ी हैं, लेकिन संबंधित क्षेत्रों से मिलने वाली शिकायतों पर तत्काल टीमें मौके पर पहुंचकर मरम्मत कार्य कर करती हैं।
हर दिन 3400 से ज्यादा शिकायतें दर्ज
बिजली संकट का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि शहर के 22 जोन में रोजाना 3400 से अधिक शिकायतें दर्ज हो रही हैं। उपभोक्ताओं का कहना है कि लगातार बिजली आने-जाने से घरों में इनवर्टर तक जवाब देने लगे हैं और छोटे बच्चों व बुजुर्गों की परेशानी बढ़ गई है।
समाधान से पहले समस्या हल का मैसेज
उपभोक्ताओं की नाराजगी का बड़ा कारण शिकायत निवारण व्यवस्था भी बन रही है। टोल फ्री नंबर 1912 पर शिकायत दर्ज कराने के बाद कई उपभोक्ताओं को समस्या का समाधान हुए बिना ही सुधार कार्य पूरा होने के मैसेज भेजे जा रहे हैं। इससे लोगों में बिजली कंपनी के प्रति नाराजगी बढ़ रही है। माडल टाउन निवासी जेपी पाराशर का कहना है कि बिजली गुल होने की शिकायत दर्ज करने पर बिना बिजली आए सुधार का मैसेज आ जाता है।
फाल्ट सुधारने में जुटे कर्मचारी
बिजली कंपनी के अधिकारियों का दावा है कि कर्मचारी लगातार फाल्ट सुधारने और आपूर्ति सामान्य करने में जुटे हैं। अत्यधिक गर्मी के कारण बिजली की मांग अचानक बढ़ गई है, जिससे उपकरणों पर दबाव बढ़ रहा है। हालांकि उपभोक्ताओं का कहना है कि हर साल गर्मी में यही स्थिति बनती है, लेकिन स्थायी समाधान नहीं हो पा रहा।
गर्मी में बिजली संकट ने बढ़ाई मुश्किलें
एक तरफ आसमान से आग बरस रही है, वहीं दूसरी ओर बार-बार बिजली गुल होने से लोगों की दिनचर्या पूरी तरह प्रभावित हो रही है। रात में ट्रिपिंग के कारण लोगों की नींद खराब हो रही है, जबकि पानी की सप्लाई भी प्रभावित होने लगी है।
