भारतीय जनता पार्टी के राज्यसभा चुनाव के तीसरे उम्मीदवार महेश केवट ने सोमवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इस दौरान मुख्यमंत्री मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता और विधायक मौजूद रहे। नामांकन दाखिल कराने के बाद मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भाजपा तीनों राज्यसभा सीटों पर जीत दर्ज करने के लिए संकल्पित है। नामांकन से पहले मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंचकर डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया। इसके बाद पार्टी नेताओं के साथ विधानसभा पहुंचकर महेश केवट का नामांकन पत्र जमा कराया गया। 

ये भी पढ़ें-  MP Rajya Sabha Election: मीनाक्षी नटराजन ने भरा नामांकन, कांग्रेस ने शुरू की विधायकों की निगरानी

मुख्यमंत्री यादव ने मीडिया से चर्चा में कहा कि भाजपा संसदीय बोर्ड ने महेश केवट को राज्यसभा चुनाव के लिए तीसरे प्रत्याशी के रूप में चयनित किया है। उन्होंने कहा कि महेश केवट बचपन से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े रहे हैं। विद्यार्थी परिषद, भारतीय जनता युवा मोर्चा और संगठन में विभिन्न दायित्वों का उन्होंने सफलतापूर्वक निर्वहन किया है। उन्होंने कहा कि भगवान राम और निषादराज की परंपरा भारतीय संस्कृति में सामाजिक समरसता का प्रतीक है। महेश केवट को राज्यसभा का उम्मीदवार बनाकर पार्टी ने समाज के उस वर्ग को प्रतिनिधित्व देने का प्रयास किया है, जिसकी लोकतांत्रिक संस्थाओं में भागीदारी अपेक्षाकृत कम रही है। 

ये भी पढ़ें-  Explainer: केवट या मीनाक्षी नटराजन, मध्य प्रदेश की तीसरी राज्यसभा सीट पर कौन चुना जाएगा, क्या कहते हैं आंकड़े?

हर वर्ग के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है भाजपा


मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा केवल घोषणा नहीं करती, बल्कि अपने संकल्पों को धरातल पर उतारकर दिखाती है। उन्होंने कहा कि जिस समाज का लोकसभा और विधानसभा में पर्याप्त प्रतिनिधित्व नहीं था, उस वर्ग के व्यक्ति को सीधे संसद के उच्च सदन में भेजने का अवसर दिया जा रहा है। डॉ. यादव ने कहा कि भाजपा “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मंत्र पर काम कर रही है। महेश केवट को उम्मीदवार बनाए जाने का निर्णय पार्टी की सामाजिक समरसता और सभी वर्गों के कल्याण के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।



 



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *