परीक्षा का पहला दिन बेहद गहमागहमी भरा रहा। …और पढ़ें

HighLights
- रविवार रात से ही ग्वालियर पहुंचने लगे थे बाहरी जिलों के युवा
- टीसीएस के अधिकारियों ने की अभ्यर्थियों की सघन चेकिंग
- दो बार बायोमैट्रिक के बाद ही मिला प्रवेश
डिजिटल डेस्क, ग्वालियर। भारतीय सेना में ‘अग्निवीर’ बनने का सपना लेकर आए युवाओं के लिए आज सोमवार से लिखित परीक्षा की शुरुआत हो गई है। परीक्षा का पहला दिन बेहद गहमागहमी भरा रहा। सुबह 7 बजे से ही अभ्यर्थी परीक्षा केंद्रों पर जुटना शुरू हो गए थे। कड़ी सुरक्षा और मुस्तैदी के बीच पहली शिफ्ट की परीक्षा संपन्न हो चुकी है और दूसरी शिफ्ट का एग्जाम शुरू हो गया है।
टीसीएस के अधिकारियों ने संभाला मोर्चा
परीक्षा को पूरी तरह पारदर्शी और नकल विहीन बनाने के लिए तकनीकी पार्टनर टीसीएस के अधिकारियों ने मोर्चा संभाल रखा है। परीक्षा केंद्र के मुख्य गेट पर अभ्यर्थियों की सघन चेकिंग की गई। सेना और टीसीएस के नियमों के मुताबिक, उम्मीदवारों को दो बार बायोमैट्रिक वेरिफिकेशन की प्रक्रिया से गुजरना पड़ा, जिसके बाद ही उन्हें कंप्यूटर लैब में प्रवेश की अनुमति दी गई।
लिखित परीक्षा आगामी 12 जून तक चलेगी
पहले दिन ग्वालियर के दो परीक्षा केंद्रों पर चार अलग-अलग शिफ्टों में कुल 6,134 अभ्यर्थी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। यह लिखित परीक्षा आगामी 12 जून तक लगातार चलेगी।
रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर रात से ही उमड़ा हुजूम
ग्वालियर और चंबल अंचल सहित प्रदेश के 10 जिलों के करीब 45 हजार से अधिक अभ्यर्थी इस पूरी परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। इसके चलते रविवार रात से ही आसपास के जिलों से परीक्षार्थियों का ग्वालियर आना शुरू हो गया था। रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर अभ्यर्थियों की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं ताकि कानून व्यवस्था बनी रहे।
सागर में भी बनाए गए हैं केंद्र
अग्निवीर भर्ती की यह परीक्षा ग्वालियर के साथ-साथ सागर में भी आयोजित की जा रही है। दोनों ही शहरों में दो-दो परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। रविवार को ही सेना के उच्च अधिकारियों ने इन केंद्रों का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्थाओं और तकनीकी तैयारियों का अंतिम जायजा लिया था।
ग्वालियर में परीक्षा केंद्र
- भारतीय विद्या मंदिर: चार शिफ्ट में 518 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। पहली शिफ्ट में 170 और बाकी तीन शिफ्टों में 116-116 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे।
- आइओडी डिजिटल जोन चितौरा रोड: हर शिफ्ट में 1157 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। चार शिफ्टों में चार हजार 612 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे।
अगस्त में होगी शारीरिक दक्षता परीक्षा
जून में लिखित परीक्षा संपन्न होने के बाद जुलाई में लिखित परीक्षा परिणाम घोषित होगा। चयनित अभ्यर्थियों को शारीरिक दक्षता परीक्षा के लिए बुलाया जाएगा। अगस्त में शारीरिक परीक्षा होगी। हालांकि इसके लिए अभी तक मैदान तय नहीं हुआ है।
इस तरह है परीक्षा की शिफ्ट
- पहली शिफ्ट: सुबह 8.30 से 9.30 बजे तक परीक्षा- रिपोर्टिंग टाइम-सुबह सात से आठ बजे तक
- दूसरी शिफ्ट: सुबह 11.30 से दोपहर 12.30 बजे तक परीक्षा- रिपोर्टिंग टाइम- सुबह- 10 से 11 बजे तक
- तीसरी शिफ्ट: दोपहर 2.30 से 3.30 बजे तक परीक्षा- रिपोर्टिंग टाइम- दोपहर एक से दो बजे तक
- चौथी शिफ्ट: शाम 5.30 से 6.30 बजे तक परीक्षा- रिपार्टिंग टाइम- शाम चार से पांच बजे तक
