जिले के उन्हेल क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक युवक का खून से लथपथ शव उसके ही घर में मिलने से सनसनी फैल गई। बेड़ावन रोड स्थित नागराज मंदिर के पीछे रहने वाले 35 वर्षीय विक्रम पिता अशोक परिहार के सिर और पैर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं। पुलिस ने प्रथम दृष्टया इसे हत्या का मामला माना है।
आज सुबह पुलिस को सूचना मिली कि विक्रम अपने घर में मृत अवस्था में पड़ा है। मौके पर पहुंची टीम ने देखा कि शव पर गंभीर चोटों के निशान हैं। विशेष रूप से सिर पर गहरी चोट मिलने से हत्या की आशंका मजबूत हुई। घटना की जानकारी मिलते ही नागदा सीएसपी, एफएसएल टीम और डॉग स्क्वाड भी मौके पर पहुंचे और साक्ष्य जुटाने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ये भी पढ़ें: Bhojshala: भोजशाला मामले पर फैसले को एक माह पूरा, फिर भी पुरातत्व विभाग ने नहीं जारी की एसओपी; दिया ये हवाला
उन्हेल थाना प्रभारी संतोष चौहान के मुताबिक घटना के समय विक्रम अपनी पत्नी और बेटे के साथ कमरे में सो रहा था, वहीं घर के दूसरे कमरे में उसके पिता मौजूद थे। रात में हुई इस वारदात की भनक किसी को नहीं लगी। सुबह जब मामला सामने आया तो परिवार और आसपास के लोग भी हैरान रह गए।
पुलिस ने मृतक की पत्नी को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है, वहीं बेटे से भी जानकारी जुटाई जा रही है। जांच अधिकारियों का कहना है कि पारिवारिक विवाद, आपसी रंजिश और अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक जांच रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों और वारदात के घटनाक्रम को लेकर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर काम कर रही है।
