ज्येष्ठ शुक्ल पक्ष की तृतीया पर बुधवार सुबह भस्म आरती के दौरान बाबा महाकाल के दरबार में हजारों श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। इस दौरान भक्तों ने देर रात से ही कतार में लगकर अपने आराध्य देव बाबा महाकाल के दर्शन किए। सुबह चार बजे बाबा महाकाल के पट खुले और उनका अलौकिक श्रृंगार कर भस्म अर्पित की गई। भक्तों ने इन दिव्य दर्शनों का लाभ लिया, जिससे पूरा मंदिर परिसर “जय श्री महाकाल” के जयघोष से गुंजायमान हो उठा।

श्री महाकालेश्वर मंदिर के पुजारी पंडित महेश शर्मा ने बताया कि विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में ज्येष्ठ शुक्ल पक्ष की तृतीया पर बुधवार सुबह 4 बजे भस्म आरती संपन्न हुई। इस दौरान वीरभद्र जी से आज्ञा लेकर मंदिर के पट खोले गए। इसके बाद पंडे-पुजारियों ने गर्भगृह में स्थापित सभी देवी-देवताओं की प्रतिमाओं का पूजन-अर्चन किया।

इसके पश्चात भगवान महाकाल का जलाभिषेक दूध, दही, घी, शक्कर, पंचामृत और फलों के रस से किया गया। पूजन के दौरान प्रथम घंटा बजाकर “हरि ओम” का जल अर्पित किया गया। पुजारियों और पुरोहितों ने बाबा महाकाल का भव्य श्रृंगार किया तथा कपूर आरती के बाद उन्हें नवीन मुकुट धारण कराया।

ये भी पढ़ें- Indore: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 18 जून को इंदौर आएंगी, खंडवा रोड का ट्रैफिक परिवर्तित

इसके बाद महानिर्वाणी अखाड़े की ओर से भगवान महाकाल के शिवलिंग पर भस्म अर्पित की गई। फिर झांझ-मंजीरे, ढोल-नगाड़ों और शंखनाद के साथ भस्म आरती संपन्न हुई। आज के श्रृंगार की विशेषता यह रही कि बुधवार को बाबा महाकाल का श्रृंगार भगवान श्री गणेश के स्वरूप में किया गया। भस्म अर्पित करने के बाद उन्हें फूलों और बेलपत्र की मालाएं अर्पित की गईं।

इन अलौकिक दर्शनों का लाभ हजारों श्रद्धालुओं ने प्राप्त किया। इस दौरान मंदिर परिसर “जय श्री महाकाल” और “जय श्री गणेश” के जयघोष से गुंजायमान हो उठा। मान्यता है कि भस्म अर्पित किए जाने के बाद भगवान महाकाल निराकार से साकार स्वरूप में भक्तों को दर्शन देते हैं।



यह है आरती का समय


– भस्म आरती सुबह 4 से 6 बजे तक


– दद्योदक आरती प्रात: 7 से 7:45 बजे तक


– भोग आरती प्रात: 10 से 10:45 बजे तक


– संध्या पूजन सायं 5 से 5:45 बजे तक


– संध्या आरती सायं 7:00 से 7:45 बजे


– शयन आरती रात्रि 10:30 से 11:00 बजे तक


महाकालेश्वर मंदिर मे आरतियों के समय में हुआ यह बदलाव आश्विन मास की पूर्णिमा (शरद पूर्णिमा) तक जारी रहेगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *