त्विषा शर्मा केस में दूसरे पोस्टमार्टम की प्रक्रिया अब अंतिम चरण में पहुंच गई है। शनिवार शाम दिल्ली एम्स की विशेष फॉरेंसिक टीम राज्य सरकार के चार्टर्ड विमान से भोपाल पहुंच गई। रविवार को एम्स भोपाल में त्विषा का दोबारा पोस्टमार्टम किया जाएगा। हाईकोर्ट के आदेश के बाद दिल्ली एम्स के डायरेक्टर को मेडिकल बोर्ड गठित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। इसके बाद फॉरेंसिक विभाग के प्रमुख डॉ. सुधीर गुप्ता की निगरानी में चार वरिष्ठ डॉक्टरों का विशेष बोर्ड बनाया गया है, जो पूरे मामले की दोबारा जांच करेगा।
एम्स भोपाल में होगी ऑटोप्सी
दिल्ली से आई डॉक्टरों की टीम रविवार को एम्स भोपाल पहुंचकर पोस्टमार्टम करेगी। बताया जा रहा है कि पूरी प्रक्रिया वीडियोग्राफी और तय फॉरेंसिक प्रोटोकॉल के तहत की जाएगी, ताकि मौत के कारणों को लेकर किसी तरह का संदेह न रहे।
परिवार लगातार कर रहा था मांग
त्विषा के परिवार ने पिछले कई दिनों से दूसरे पोस्टमार्टम की मांग उठाई थी। परिवार का कहना था कि मौत की परिस्थितियों और कारणों को लेकर कई सवाल अब भी बाकी हैं। त्विषा के पिता नवनिधि शर्मा ने कोर्ट में दायर आवेदन में कहा था कि दूसरी पोस्टमार्टम से सच्चाई साफ हो सकेगी। परिवार का यह भी कहना था कि यदि सभी जांच प्रक्रियाएं निष्पक्ष तरीके से पूरी हो जाती हैं तो इसके बाद त्विषा का अंतिम संस्कार पूरे सम्मान के साथ किया जाएगा।
यह भी पढ़ें-कब आई, कैसे गई?’ आखिरी CCTV के बाद सास के कॉल ने बढ़ाया सस्पेंस, त्विषा केस में नया मोड़
12 मई से मार्चुरी में रखा है शव
त्विषा शर्मा का शव 12 मई की रात से एम्स भोपाल की मार्चुरी में रखा हुआ है। इस बीच शव के डिकम्पोज होने का खतरा भी लगातार बना हुआ है। विशेषज्ञों के मुताबिक, शव को लंबे समय तक सुरक्षित रखने के लिए माइनस 80 डिग्री तापमान की जरूरत होती है, जबकि एम्स भोपाल में फिलहाल माइनस 4 डिग्री तक की ही सुविधा उपलब्ध है। इसी को लेकर कटारा हिल्स थाना पुलिस ने भी परिवार को पत्र भेजकर स्थिति से अवगत कराया था। अब रविवार को होने वाले दूसरे पोस्टमार्टम पर पूरे मामले की नजर टिकी हुई है।
