रायसेन शहर के हृदय स्थल महामाया चौक पर स्थापित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा के साथ असामाजिक तत्वों द्वारा कथित रूप से छेड़छाड़ किए जाने का मामला सामने आया है। प्रतिमा पर चकना और नमकीन के पैकेट फेंके जाने की घटना के बाद शहर में आक्रोश का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और विरोध प्रदर्शन करते हुए दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की।

कांग्रेस नेताओं ने घटना को महात्मा गांधी का अपमान बताते हुए प्रशासन को 24 घंटे के भीतर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने का अल्टीमेटम दिया। कांग्रेस नेता प्रभात चावला ने चेतावनी दी कि निर्धारित समय सीमा में गिरफ्तारी नहीं होने पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। कार्यकर्ताओं ने कहा कि रायसेन की गंगा-जमुनी संस्कृति को प्रभावित करने वाली ऐसी घटनाएं किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएंगी।

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। एसडीएम, एसडीओपी प्रतिभा शर्मा तथा नगर पालिका सीएमओ सुरेखा जाटव ने पुलिस बल के साथ स्थिति का जायजा लिया। गांधी प्रतिमा और चबूतरे की सफाई कराई गई। इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में प्रतिमा का दुग्धाभिषेक किया गया। प्रशासनिक अधिकारियों ने प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और नया चश्मा पहनाकर सम्मान प्रकट किया।

पढ़ें: ‘मेरे और बहू के बीच में कोई विवाद नहीं था’, कोर्ट में चिल्लाकर बोलीं गिरिबाला; बेटा मुस्कुराता रहा

नगर पालिका सीएमओ सुरेखा जाटव ने बताया कि मामले में कोतवाली थाने में आवेदन देकर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की गई है। उन्होंने कहा कि शहर की गरिमा को ठेस पहुंचाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

एसडीओपी प्रतिभा शर्मा ने बताया कि महामाया चौक और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। कुछ संदिग्धों की पहचान की गई है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं।

स्थानीय व्यापारियों का मानना है कि त्योहारों और आगामी चुनावी माहौल से पहले इस तरह की घटना शहर की शांति और सौहार्द बिगाड़ने की साजिश हो सकती है। घटना के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चौक पर महात्मा गांधी के प्रिय भजन “रघुपति राघव राजा राम” का सामूहिक गायन कर अहिंसा और सद्भाव का संदेश दिया। प्रदर्शन के दौरान कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा, जिसे पुलिस ने नियंत्रित कर लिया।

 



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *