मध्यप्रदेश में नौतपा शुरू होने से पहले ही सूरज ने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। प्रदेश का बड़ा हिस्सा इस समय भीषण गर्मी और हीटवेव की चपेट में है। हालत यह है कि कई शहरों में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया, जबकि छतरपुर के नौगांव और खजुराहो सबसे ज्यादा तपे। यहां शनिवार को पारा 45 डिग्री के पार दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने साफ संकेत दिए हैं कि अगले चार दिन तक गर्मी से राहत मिलने की कोई संभावना नहीं है। मौसम विभाग ने रविवार के लिए टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना और सतना में तीव्र लू का रेड अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा 11 जिलों में ऑरेंज अलर्ट और 22 जिलों में यलो अलर्ट घोषित किया गया है। यानी प्रदेश के कुल 37 जिले लू और भीषण गर्मी की मार झेलेंगे।
नौगांव सबसे गर्म, खजुराहो दूसरे नंबर पर
शनिवार को छतरपुर का नौगांव प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 45.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। खजुराहो में 45.4 डिग्री तापमान दर्ज हुआ। इसके अलावा दतिया में 44.3 डिग्री, जबलपुर, शाजापुर, दमोह और टीकमगढ़ में 44 डिग्री तक पारा पहुंच गया। रीवा, राजगढ़, सतना और मलाजखंड में तापमान 43.6 डिग्री के आसपास रहा, जबकि मंडला, उमरिया, सागर, रतलाम, गुना और खंडवा भी तेज गर्मी से झुलसते रहे।
बड़े शहरों में भी बढ़ी बेचैनी
राजधानी भोपाल में तापमान 41.6 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि इंदौर में 41 और ग्वालियर-उज्जैन में 43 डिग्री तक पारा पहुंच गया। दिनभर गर्म हवाओं और तपती सड़कों ने लोगों का घरों से निकलना मुश्किल कर दिया। तेज गर्मी का असर सिर्फ लोगों पर ही नहीं बल्कि इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस पर भी पड़ने लगा है। मोबाइल, लैपटॉप और पावर बैंक तेजी से गर्म हो रहे हैं। विशेषज्ञों के मुताबिक लगातार हाई टेम्परेचर में रहने से बैटरी डैमेज, फोन हैंग होना या डिवाइस अचानक बंद होने जैसी समस्याएं बढ़ सकती हैं।
यह भी पढ़ें-जनजाति विभाग में 16 हजार शिक्षकों की होगी भर्ती, रिक्त पदों का ब्यौरा तलब,कई बार हो चुके हैं प्रदर्शन
इन जिलों में अलर्ट
रेड अलर्ट: टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना।
ऑरेंज अलर्ट: दतिया, निवाड़ी, सागर, दमोह, कटनी, मैहर, उमरिया, रीवा, मऊगंज, सीधी और सिंगरौली।
यलो अलर्ट: ग्वालियर, भिंड, मुरैना, श्योपुर, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, विदिशा, रायसेन, नरसिंहपुर, जबलपुर, मंडला, डिंडौरी, अनूपपुर, शहडोल, राजगढ़, शाजापुर, आगर-मालवा, उज्जैन, नीमच, मंदसौर और रतलाम।
यह भी पढ़ें-त्विषा शर्मा मौत मामले में भोपाल कोर्ट का बड़ा फैसला, आरोपी समर्थ सिंह सात दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया
31 मई तक जारी रहेगा गर्मी का प्रकोप
मौसम विभाग के अनुसार नौतपा के नौ दिन प्रदेश में इस सीजन की सबसे ज्यादा गर्मी लेकर आ सकते हैं। भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर और जबलपुर समेत लगभग पूरा प्रदेश तेज लू और झुलसाने वाली गर्मी की चपेट में रहेगा। मौसम वैज्ञानिकों ने लोगों को दोपहर 12 से 3 बजे के बीच बेहद सतर्क रहने की सलाह दी है। जरूरी काम होने पर ही बाहर निकलें, पर्याप्त पानी पीते रहें और हल्के सूती कपड़े पहनें। बच्चों और बुजुर्गों को खास सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
