मध्यप्रदेश से राज्यसभा के लिए भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी तरुण चुघ और रजनीश अग्रवाल शनिवार को अपना नामांकन दाखिल करेंगे। दोनों नेता भाजपा प्रदेश कार्यालय से विधानसभा के लिए रवाना होंगे, जहां पार्टी के शीर्ष नेतृत्व की मौजूदगी में नामांकन पत्र जमा किए जाएंगे। भाजपा ने नामांकन प्रक्रिया को शक्ति प्रदर्शन और संगठनात्मक एकजुटता का अवसर बनाने की तैयारी की है। मुख्यमंत्री मोहन यादव, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल सहित पार्टी की कोर कमेटी के सदस्य और वरिष्ठ नेता इस दौरान मौजूद रहेंगे।
ये भी पढ़ें- MP IPS Transfer: आठ IPS का ट्रांसफर, आयुष जाखड़ को जबलपुर भेजा,प्रीतम लोधी से जुड़े विवाद के बाद थे चर्चा में
नामांकन दाखिल करने से पहले भाजपा प्रदेश कार्यालय में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश प्रभारी, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री और अन्य वरिष्ठ नेता पार्टी के पितृपुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इसके बाद सभी नेता राज्यसभा प्रत्याशियों के साथ विधानसभा पहुंचेंगे। भाजपा ने राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ और संगठन से जुड़े वरिष्ठ नेता रजनीश अग्रवाल को राज्यसभा चुनाव के लिए उम्मीदवार बनाया है। दोनों नामों को संगठन के समर्पित और अनुभवी चेहरों के रूप में देखा जा रहा है। पार्टी नेताओं का कहना है कि दोनों प्रत्याशी लंबे समय से संगठन को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहे हैं। राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया के बीच भाजपा संगठन ने प्रदेश नेतृत्व की एकजुटता दिखाने की भी तैयारी की है। माना जा रहा है कि नामांकन के दौरान बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी उपस्थित रहेंगे।
ये भी पढ़ें- राज्यसभा चुनाव से पहले कांग्रेस में मतभेदः मीनाक्षी की उम्मीदवारी पर सवाल,कमलनाथ से मिलीं,विधायक दल की बैठक कल