भागीरथपुरा दूषित पेयजल कांड के छह माह बाद शहर के बांगड़दा क्षेत्र के महावीर नगर में दूषित पानी की सप्लाई का मामला सामने आया है। बोरिंग में ड्रेनेज का पानी मिलने से गली के 10 से अधिक लोग उल्टी-दस्त की चपेट में आ गए। लोगों के बीमार पड़ने के बाद मामले का खुलासा हुआ। क्षेत्र के निवासी सार्वजनिक बोरिंग के पानी का उपयोग पेयजल के रूप में करते हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार पिछले दो-तीन दिनों से पानी में बदबू आ रही थी। शुरुआत में लोगों ने इसे सामान्य समझकर नजरअंदाज कर दिया, लेकिन जब एक के बाद एक लोग बीमार होने लगे तो चिंता बढ़ गई।

मामले की जानकारी मिलने पर मंगलवार को नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने पानी के सैंपल लिए और यह पता लगाने की प्रक्रिया शुरू की कि बोरिंग में दूषित पानी किस स्रोत से पहुंच रहा है। इसके साथ ही ड्रेनेज लाइन और आसपास के क्षेत्र में सफाई अभियान भी शुरू किया गया।

बता दें कि बांगड़दा क्षेत्र में कई स्थानों पर नर्मदा जल आपूर्ति लाइन नहीं पहुंची है। ऐसे में लोग अपनी दैनिक जरूरतों के लिए बोरिंग के पानी पर निर्भर हैं। स्थानीय निवासी सीमा बाई ने बताया कि बोरिंग का पानी देखने में साफ था, लेकिन उसमें लगातार बदबू आ रही थी। इसकी शिकायत जनप्रतिनिधियों से भी की गई थी, लेकिन समय रहते कोई कार्रवाई नहीं हुई। लोगों के बीमार होने के बाद ही प्रशासन सक्रिय हुआ।

ये भी पढ़ें: Bhopal: बिहार से पकड़ाया कट्टरपंथी, पांच राज्यों से छठवीं गिरफ्तारी, फराज व नईम की आज समाप्त हो रही रिमांड

महिलाएं और बच्चे बीमार

दूषित पानी से महावीर नगर की एक गली के कई परिवार प्रभावित हुए हैं। महिलाओं और बच्चों में भी उल्टी-दस्त की शिकायत सामने आई है। हालांकि किसी मरीज को अस्पताल में भर्ती कराने की नौबत नहीं आई। एक युवती जो हाल ही में पुणे गई थी, वह भी बीमार हो गई। प्रभावित लोगों का उपचार डॉक्टरों की टीम द्वारा किया गया। चिकित्सकों के अनुसार कुछ लोगों में उल्टी-दस्त के लक्षण पाए गए थे लेकिन फिलहाल सभी की स्थिति सामान्य बताई जा रही है।

गौरतलब है कि करीब छह माह पहले इंदौर के भागीरथपुरा क्षेत्र में दूषित पानी की वजह से एक हजार से अधिक लोग बीमार हो गए थे। उस घटना में 36 लोगों की मौत हुई थी और मामला राजनीतिक स्तर पर भी काफी चर्चाओं में रहा था। महावीर नगर में सामने आए इस नए मामले के बाद स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ गई है। नगर निगम द्वारा जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *