सेंट्रल बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन (CBSE) ने कक्षा 10वीं सेशन-1 का रिजल्ट घोषित कर दिया है। छात्र अब अपना परिणाम आधिकारिक वेबसाइट्स और उमंग ऐप के माध्यम से आसानी से देख सकते हैं। इस बार भोपाल रीजन से करीब 1 लाख 15 हजार 889 विद्यार्थियों ने परीक्षा के लिए रजिस्ट्रेशन कराया था, जिनका इंतजार अब खत्म हो गया है।
टॉपर कल्चर पर रोक, बोर्ड का सख्त संदेश
इस बार CBSE ने बड़ा बदलाव करते हुए न तो मेरिट लिस्ट जारी की है और न ही किसी छात्र को टॉपर घोषित किया है। इतना ही नहीं, बोर्ड ने सभी स्कूलों और शैक्षणिक संस्थानों को सख्त निर्देश दिए हैं कि वे भी किसी छात्र को स्कूल, शहर या जिला टॉपर घोषित न करें। इसका उद्देश्य छात्रों पर अनावश्यक दबाव कम करना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देना है।
नए सिस्टम के तहत हुई परीक्षा
इस वर्ष CBSE ने 10वीं की परीक्षा “टू बोर्ड एग्जाम सिस्टम” के तहत आयोजित की। पहला बोर्ड एग्जाम (अनिवार्य) 17 फरवरी से 11 मार्च 2026 के बीच आयोजित हुआ। इस नई व्यवस्था का मकसद छात्रों को एक से ज्यादा मौके देना और परीक्षा के दबाव को कम करना है।
सेशन-2 देगा सुधार का मौका
जो छात्र अपने अंकों से संतुष्ट नहीं हैं, उनके लिए सेशन-2 परीक्षा का विकल्प रखा गया है। यह परीक्षा 15 मई से 1 जून 2026 के बीच आयोजित होगी। इसमें छात्र अधिकतम 3 विषयों में अपने अंक सुधार सकते हैं, जिससे उनके फाइनल रिजल्ट पर सकारात्मक असर पड़ेगा।
यह भी पढ़ें-10वीं बोर्ड के नतीजों में पन्ना की प्रतिभा स्टेट टॉपर, टॉप-10 में छायीं बेटियां
फेल छात्रों के लिए भी खुला रास्ता
CBSE ने उन छात्रों के लिए भी विकल्प दिया है, जो एक या दो विषयों में असफल रहे हैं। ऐसे छात्रों को कंपार्टमेंट कैटेगरी में रखकर सेशन-2 में बैठने का मौका मिलेगा। हालांकि, जो छात्र तीन या उससे अधिक विषयों में फेल हुए हैं, उन्हें अब 2027 की मुख्य परीक्षा में शामिल होना होगा।
यह भी पढ़ें-कारपेंटर की बेटी बनी स्टेट टॉपर, झुग्गी बस्ती में रहकर की मेहनत; देश की सेवा करना चाहती है
यहां देखें अपना रिजल्ट
छात्र अपना परिणाम results.cbse.nic.in, cbse.gov.in, results.nic.in, DigiLocker और UMANG ऐप पर जाकर चेक कर सकते हैं।
