राजधानी भोपाल के युवा समाजसेवी सैय्यद सऊद हसन को इंग्लैंड में आयोजित 16वें विश्व लीडर्स समिट में सामाजिक सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए अंतरराष्ट्रीय सम्मान से नवाजा गया। ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी में आयोजित समारोह में उन्हें भारत के प्रतिनिधि के रूप में सम्मानित किया गया। समारोह के दौरान सऊद हसन को ह्यूमैनिटेरियन इम्पैक्ट एंड कम्युनिटी रेजिलिएंस अवॉर्ड प्रदान किया गया। यह सम्मान उन व्यक्तियों और संस्थाओं को दिया जाता है जिन्होंने आपदा प्रबंधन, राहत कार्यों, सामाजिक सुधार और समुदाय को सशक्त बनाने के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए हों।
डेढ़ दशक से समाज सेवा में सक्रिय
सैय्यद सऊद हसन पिछले करीब डेढ़ दशक से विभिन्न सामाजिक गतिविधियों और जनसेवा कार्यों से जुड़े हुए हैं। उनके कार्यों को देखते हुए अंतरराष्ट्रीय मंच पर यह सम्मान प्रदान किया गया, जिससे भोपाल और देश का गौरव बढ़ा है।
कई देशों के प्रतिनिधि हुए सम्मानित
सम्मान समारोह में अमेरिका, कनाडा, ऑस्ट्रेलिया समेत विभिन्न देशों के समाजसेवियों और सामाजिक संगठनों को भी सम्मानित किया गया। कुल 15 से अधिक हस्तियों को अलग-अलग श्रेणियों में पुरस्कार प्रदान किए गए।
यह भी पढ़ें-भोपाल में कुत्तों के चाटने वाली बर्फ का वीडियो वायरल, बीएमसी ने की कार्रवाई
पूर्व ब्रिटिश विदेश मंत्री रहे मुख्य अतिथि
समारोह में यूनाइटेड किंगडम सरकार के पूर्व विदेश मंत्री लॉर्ड डेविड ओवेन मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। वहीं लॉर्ड भीखू पारेख और लीड्स की पूर्व महापौर अबिगेल मार्शल सहित कई अंतरराष्ट्रीय गणमान्य अतिथियों ने विजेताओं को सम्मान प्रदान किया। अंतरराष्ट्रीय मंच पर मिले इस सम्मान को भोपाल और मध्य प्रदेश के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। सामाजिक क्षेत्र में किए गए कार्यों के लिए सऊद हसन को मिली यह पहचान युवा समाजसेवियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनी है।
