केंद्रीय कैबिनेट ने मध्यप्रदेश को सड़क अधोसंरचना के क्षेत्र में बड़ी सौगात देते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग-347बी (एनएच-347बी) के उन्नयन परियोजना को मंजूरी दे दी है। जुलवानिया-खंडवा-बैतूल मार्ग के 233 किलोमीटर लंबे हिस्से के विकास पर लगभग 4,415 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इस परियोजना से प्रदेश के बैतूल, खंडवा, खरगोन और बड़वानी जिलों को बेहतर सड़क संपर्क मिलेगा। परियोजना के तहत राष्ट्रीय राजमार्ग को आधुनिक सुविधाओं के साथ विकसित किया जाएगा। मार्ग पर कई स्थानों पर बाईपास भी बनाए जाएंगे, जिससे शहरों में यातायात का दबाव कम होगा और यात्रियों को सुगम एवं तेज सफर का लाभ मिलेगा। सड़क के उन्नयन से यात्रा समय में कमी आएगी और सड़क सुरक्षा भी बेहतर होगी।
ये भी पढ़ें- Twisha Sharma Case: गर्भपात को लेकर तीन कहानियां, कौन बोल रहा झूठ, किसके दबाव में हुआ था? सच की तलाश में CBI
यह परियोजना क्षेत्र के आर्थिक विकास को नई गति देगी। बेहतर सड़क संपर्क से औद्योगिक इकाइयों, वस्त्र उद्योग, मेगा फूड पार्क और ऊर्जा परियोजनाओं तक पहुंच आसान होगी। साथ ही रेलवे स्टेशनों और हवाई अड्डों से कनेक्टिविटी मजबूत होने से व्यापार और परिवहन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। इस सड़क परियोजना का लाभ किसानों, व्यापारियों और आम नागरिकों को सीधे तौर पर मिलेगा। कृषि उत्पादों और औद्योगिक सामान के परिवहन में समय और लागत दोनों की बचत होगी। इससे क्षेत्र में निवेश की संभावनाएं भी बढ़ेंगी।
ये भी पढ़ें- MP News: पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सीएम का नया कदम, काफिले में शामिल हुई इलेक्ट्रिक कार, 500 KM रेंज
केंद्र सरकार के अनुसार परियोजना के निर्माण के दौरान बड़ी संख्या में प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होंगे। सड़क निर्माण और उससे जुड़ी गतिविधियों से लाखों मानव दिवस रोजगार का सृजन होने की उम्मीद है। एनएच-347बी के उन्नयन को निमाड़ और मध्यप्रदेश के दक्षिणी हिस्से के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जिससे क्षेत्र की कनेक्टिविटी और आर्थिक गतिविधियों को नया बल मिलेगा।