ग्वालियर के 95 हजार से अधिक एलपीजी उपभोक्ताओं ने बायोमेट्रिक ई-केवाईसी नहीं कराई है। 30 जून तक केवाईसी नहीं कराने पर सब्सिडी स्थायी रूप से रुक सकती है …और पढ़ें

Publish Date: Thu, 04 Jun 2026 09:10:20 AM (IST)Updated Date: Thu, 04 Jun 2026 09:10:20 AM (IST)

खाते में नहीं आ रही सब्सिडी, बंद हो सकता है गैस कनेक्शन; 30 जून तक कराएं केवायसी
उपभोक्ताओं के गैस कनेक्शन पर तलवार लटक रही है। (फाइल फोटो)

HighLights

  1. 95 हजार से अधिक उपभोक्ताओं की ई-केवाईसी बाकी है।
  2. बिना केवाईसी उपभोक्ताओं की सब्सिडी फिलहाल रोक दी गई।
  3. 30 जून तक केवाईसी कराना सभी के लिए जरूरी।

नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। जिले के 95 हजार से अधिक उपभोक्ताओं के गैस कनेक्शन पर तलवार लटक रही है। इसकी वजह यह है कि इन उपभोक्ताओं ने बायोमेट्रिक केवायसी नहीं कराई है। पेट्रोलियम मंत्रालय ने इन उपभोक्ताओं की अभी तो सब्सिडी को रोक दिया है, लेकिन 30 जून तक यदि यह उपभोक्ता केवायसी नहीं कराते हैं, तो उनका कनेक्शन बंद हो सकता है और वे सिलिंडर बुक भी नहीं करा पाएंगे। गैस एजेंसी संचालकों के मुताबिक कई उपभोक्ताओं की दो से तीन बुकिंग की सब्सिडी रुकी हुई है।

यहां बता दें कि, पेट्रोलियम मंत्रालय ने उन सभी उपभोक्ताओं को बायोमेट्रिक केवायसी कराने के निर्देश दिए थे, जिन्होंने केवायसी नहीं कराई है या उनके दस्तावेज रिकॉर्ड में अधूरे है। इस अनिवार्य ई-केवाईसी का मुख्य उद्देश्य फर्जी, डुप्लीकेट और अवैध गैस कनेक्शनों पर पूरी तरह रोक लगाना है।

इस प्रक्रिया के जरिए विभाग यह सत्यापित कर रहा है कि कनेक्शन धारक उपभोक्ता जीवित है या नहीं और कहीं नियमों के विरुद्ध एक ही परिवार में एक से अधिक एलपीजी कनेक्शन तो नहीं हैं। चूंकि पश्चिमी एशिया के युद्ध की वजह से एलपीजी का संकट बना हुआ है, इसलिए भी पेट्रोलियम मंत्रालय ने केवायसी कराने के निर्देश दिए हैं।

जिले में 95 हजार 143 उपभोक्ताओं को करानी है केवायसी

जिले में एलपीजी कनेक्शन पांच लाख से अधिक हैं और सर्वाधिक उपभोक्ता इंडेन गैस के है। इंडेन के ही 3 लाख 73 हजार 162 गैस कनेक्शन हैं। इनमें से 95 हजार 143 उपभोक्ताओं की केवायसी नहीं हुई है। इसलिए फिलहाल सिलिंडर पर मिलने वाली सब्सिडी को रोका गया है। पेट्रोलियम मंत्रालय के निर्देश के मुताबिक यह लोग यदि 30 जून तक केवायसी करा लेते हैं तो उनकी सब्सिडी को उनके खातों में पहुंचा दिया जाएगा। यदि 30 तक नहीं कराते तो कनेक्शन बंद हो सकते हैं।

30 जून के बाद बंद हो सकता है कनेक्शन

पेट्रोलियम मंत्रालय के निर्देशों के मुताबिक बिना केवायसी वाले उपभोक्ताओं की अभी तक सब्सिडी रोकी गई है। कई उपभोक्ताओं की दो से तीन सिलिंडर की सब्सिडी रुकी हुई है। यदि यह लोग 30 जून से पहले केवायसी करा लेते हैं तो रुकी हुई सब्सिडी मिल जाएगी, साथ ही कनेक्शन भी चालू रहेगा। 30 जून के बाद पेट्रोलियम मंत्रालय कनेक्शन बंद करने का निर्णय ले सकता है। श्यामानंद शुक्ला, कोर्डिनेटर, ग्वालियर चंबल एलपीजी एसोसिएशन

कमर्शियल सिलिंडर महंगे होने का असर

एक कनेक्शन पर साल में नौ सिलिंडर उपभोक्ता को मिलते हैं। इनमें से कई उपभोक्ता ऐसे हैं जो साल में चार या पांच सिलिंडर का ही उपयोग कर पाते हैं, लेकिन जब से कमर्शियल सिलिंडर की दरें महंगी हुई है, तब से कम सिलिंडर लेने वाले उपभोक्ता भी निर्धारित समय के बाद बुकिंग करा रहे हैं और सिलिंडर ले रहे हैं। इसके पीछे की वजह यह है कि इन सिलिंडरों को व्यवसायकि उपयोग करने वालों को देकर वे भी मुनाफा कमा रहे हैं।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed