नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। पूर्व विधायक के समधी के घर हुई चोरी के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गिरफ्तार किए गए दो चोरों की निशानदेही पर पुलिस ने अब तक डेढ़ करोड़ रुपये से अधिक कीमत का माल बरामद कर लिया है। ताजा कार्रवाई में पनिहार क्षेत्र के जंगल से जमीन के नीचे गाड़कर रखा गया सोना-चांदी का सामान बरामद किया गया।
क्या है पूरा मामला
पुलिस के अनुसार इंदरगंज क्षेत्र निवासी अजय मित्तल के सूने घर का ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया था। मामले में 5 मई को एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने शातिर चोर फरमान खान और विवेक प्रजापति को गिरफ्तार किया था।
पूछताछ के दौरान दोनों आरोपितों की निशानदेही पर पहले पनिहार के जंगल से करीब 12 लाख रुपये कीमत की चांदी बरामद की गई थी। इसके बाद दोबारा पूछताछ में आरोपितों ने और माल छिपाकर रखने की जानकारी दी।
पुलिस का क्या कहना
एएसपी अनु बेनीवाल ने बताया कि सीएसपी रोबिन जैन और थाना प्रभारी दीप्ति तोमर की टीम ने आरोपितों से लगातार पूछताछ की। इसके बाद पनिहार टोल प्लाजा के आगे दरगाह के सामने जमीन की खुदाई कराई गई, जहां से सोना-चांदी के जेवर और ठोस सोना बरामद हुआ।
पुलिस ने इस कार्रवाई में 200 ग्राम सोने का टुकड़ा, 50 ग्राम सोने की चूड़ियां, 12 किलो 500 ग्राम चांदी और एक आई-20 कार जब्त की है। जांच में सामने आया कि आरोपित चोरी के पैसों से अय्याशी करते थे और इसी रकम से कार खरीदी गई थी।
इस मामले में गैंग के अन्य सदस्य आकाश माहौर, सुनार विजय सोनी और एक नाबालिग आरोपित को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।
ये चीजें हुई बरामद
पुलिस के अनुसार इससे पहले की कार्रवाई में दो किलो चांदी की ईंट, पायल, सोने की चेन और दो सोने की अंगूठियां बरामद हुई थीं, जिनकी कीमत करीब 94.25 लाख रुपये आंकी गई थी। ताजा बरामदगी के बाद पुलिस अब तक इस गिरोह से डेढ़ करोड़ रुपये से अधिक कीमत का चोरी का माल बरामद कर चुकी है।
यह भी पढ़ें- दो किमी का खतरनाक रास्ता तय कर झिरिया का गंदा पानी लाती हैं बच्चियां, बुरहानपुर में गहराया जलसंकट
