शहर में तेज रफ्तार कार की टक्कर से एक छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में छात्र करीब 10 फीट हवा में उछलकर सड़क पर जा गिरा। उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। घटना महाराजपुरा थाना क्षेत्र स्थित डीडी नगर बीएसएफ कॉलोनी की है।

घायल छात्र की पहचान प्रथम शर्मा पुत्र विजय शर्मा के रूप में हुई है। वह पांचवीं कक्षा का छात्र है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक प्रथम अपने ममेरे भाई गौरांश के साथ घर से कुछ दूरी पर खेलने जा रहा था। इसी दौरान कार क्रमांक MP07 AE 7664 के चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उसे टक्कर मार दी।

घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। फुटेज में कार तेज रफ्तार से आती दिखाई दे रही है और छात्र को जोरदार टक्कर मार देती है। टक्कर के बाद बच्चा दूर जाकर सड़क पर गिरता है। हादसे के बाद कार सवार लोग वाहन छोड़कर मौके से भागते हुए भी कैमरे में कैद हुए हैं।

हादसे में प्रथम के सिर में गंभीर चोट आई है। उसके हाथ-पैर की चार से पांच उंगलियां भी टूट गई हैं। शरीर के अन्य हिस्सों में भी चोटें आई हैं। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। फिलहाल भिंड रोड स्थित कान्हा हॉस्पिटल में उसका इलाज चल रहा है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

पढे़ं:  ट्रक को बचाने में कार 20 फीट गहरी खाई में गिरी, किशोरी की मौत; माता-पिता घायल

प्रथम मूल रूप से सुमेरपुर गांव का निवासी है। उसके पिता विजय शर्मा खेती-किसानी करते हैं। पारिवारिक परिस्थितियों के चलते वह पिछले करीब 10 वर्षों से अपनी मां झलक शर्मा के साथ ग्वालियर में अपने मामा रवीश पांडे के घर रहकर पढ़ाई कर रहा है।

घायल छात्र के मामा रवीश पांडे ने आरोप लगाया है कि हादसे के बाद आरोपी पक्ष समझौते का दबाव बना रहा है। उनका कहना है कि दुर्घटना के बाद से कार चालक और उसके साथी फरार हैं, जबकि पुलिस अब तक उन्हें गिरफ्तार नहीं कर सकी है।

महाराजपुरा थाना पुलिस ने शिकायत और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दुर्घटना में शामिल कार को जब्त कर लिया है। पुलिस का कहना है कि फरार चालक और उसके साथियों की तलाश की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *