ग्वालियर जिले में जनगणना के प्रथम चरण का कार्य सफलतापूर्वक और त्रुटिरहित तरीके से पूरा कर लिया गया है। …और पढ़ें

HighLights
- जनगणना के प्रथम चरण में ग्वालियर जिले ने प्रदेश में चौथा स्थान हासिल किया
- रुचिका चौहान ने जनगणना कार्य से जुड़े अधिकारियों-कर्मचारियों को बधाई दी
- भीषण गर्मी के बावजूद प्रगणकों और सुपरवाइजरों ने घर-घर पहुंचकर कार्य पूरा किया
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। ग्वालियर जिले में जनगणना के प्रथम चरण का कार्य सफलतापूर्वक और त्रुटिरहित तरीके से पूरा कर लिया गया है। इस चरण में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए ग्वालियर जिला मध्य प्रदेश के शीर्ष पांच जिलों में शामिल रहा और प्रदेश स्तर पर चौथा स्थान प्राप्त किया।
जिम्मेदारी के साथ कार्य
इस उपलब्धि पर कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी रुचिका चौहान ने जनगणना कार्य से जुड़े सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को शुभकामनाएं देते हुए उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद सभी ने पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ कार्य किया, जिसके परिणामस्वरूप जनगणना का प्रथम चरण सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
जिलेवासियों का भी सहयोग मिला
कलेक्टर ने बताया कि जिले के दोनों अपर कलेक्टर, नगर निगम आयुक्त, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, सभी एसडीएम, चार्ज अधिकारी, प्रगणक, सुपरवाइजर और भोपाल से नियुक्त जनगणना नोडल अधिकारी राकेश मीणा सहित सभी शासकीय सेवकों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। साथ ही जिलेवासियों का भी सहयोग मिला।
उन्होंने कहा कि जनगणना कार्य की मुख्य जिम्मेदारी निभाने वाले प्रगणक और सुपरवाइजर तेज गर्मी के बावजूद घर-घर पहुंचकर मकानों का सूचीकरण और गणना कार्य करते रहे। कई स्थानों पर बंद मिले मकानों की जानकारी दर्ज करने के लिए उन्हें बार-बार जाना पड़ा।
