बहोड़ापुर के मानपुर स्थित सरकारी मल्टी के फेस-1 में रहने वाले युवक ने जहर गटक लिया। उसने जहर खाने से पहले वीडियो बनाया, जिसमें अपनी पत्नी के दूसरों से …और पढ़ें

HighLights
- बहोड़ापुर में युवक ने पत्नी व ससुरालियों से तंग आकर खाया जहर
- जहर खाने से पहले सोसायटी के वॉट्सऐप ग्रुप में डाला सुसाइड वीडियो
- युवक का इलाज जारी, आरोपियों को पूछताछ के लिए बुलाएगी पुलिस
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। बहोड़ापुर के मानपुर स्थित सरकारी मल्टी के फेस-1 में रहने वाले युवक ने जहर गटक लिया। उसने जहर खाने से पहले वीडियो बनाया, जिसमें अपनी पत्नी के दूसरों से अवैध संबंध होने की बात कही है। साथ ही रोते हुए यह भी कहा- उसके बेटे तक को दूर कर दिया। दिन-रात की प्रताड़ना से त्रस्त आ चुका है। अब आत्महत्या कर रहा है। उसने यह वीडियो हाउसिंग सोसायटी के वॉट्सऐप ग्रुप में डाला और जहर खा लिया। इसके बाद पड़ोसी यहां पहुंचे और लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया। युवक का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
फेस-1 में एल-5 ब्लॉक में पांचवीं मंजिल पर स्थित फ्लैट नंबर-501 में रहने वाले वेंकट शर्मा प्राइवेट कंपनी में नौकरी करते हैं। उन्होंने अपने फ्लैट में जहर खा लिया। उन्होंने तीन वीडियो वॉट्सएप ग्रुप में डाले। इसके बाद पड़ोस में रहने वाले विकास तोमर ने जब वीडियो देखे तो तुरंत यहां पहुंचे। अंदर उल्टियां कर रहे वेंकट को अस्पताल ले जाया गया। पुलिस को भी सूचना दे दी गई है। वेंकट ने अपनी पत्नी रितु शर्मा, सास गीता शर्मा, साला अनुभव शर्मा, बड़ागांव निवासी गौरव यादव, विशाल यादव, राजेश यादव, कल्ली यादव, हिमांशु भदौरिया का नाम वीडियो में लिया है। इनके कारण यह कदम उठाने की बात कही है।
‘मेरी पत्नी को महंगे शौक, रात-रातभर बात करती है’
“मेरी पत्नी रितु शर्मा को लग्जरी लाइफ चाहिए। अपनी क्षमता से ज्यादा खर्च हैं। वह एक-एक लाख रुपये के फोन चलाती है। बड़ागांव के रहने वाले राजेश यादव, कल्ली यादव, हिमांशु भदौरिया, गौरव यादव, विशाल यादव से रात-रातभर बात करती है। जब पत्नी को समझाया तो इन लोगों से धमकी दिलाई। इन लोगों ने गुंडे पीछे लगा दिए हैं। मेरी सास ने मुझसे अभद्रता की। मुझे कुछ होता है तो यह लोग मेरी मौत के जिम्मेदार होंगे। मेरे बेटे से अलग कर दिया है। मैं बहुत डिप्रेशन में जा रहा हूं। मुझे कुछ होता है मुझे न्याय जरूर दिलाएं। मेरी पीड़ा को नजरअंदाज न करें। मैं सही बोल रहा हूं, मैं डिप्रेशन में जा रहा हूं।” – जैसा कि वेंकट शर्मा ने वीडियो में रोते हुए बोला।
मामले की जांच जारी, आरोपियों से होगी पूछताछ
युवक ने जहर खाया है। वीडियो भी मिले हैं। उसे अस्पताल में भर्ती कराया है। इलाज जारी है। मामले की जांच की जा रही है। जिन लोगों के नाम सामने आए हैं, उन्हें पूछताछ के लिए बुलाया जाएगा। – आलोक सिंह परिहार, थाना प्रभारी, बहोड़ापुर
