मध्यप्रदेश में नौतपा की शुरुआत के साथ ही भीषण गर्मी का दौर तेज हो गया है। नौतपा की शुरुआत आज से हो रही है, जो 2 जून तक चलेंगे। मौसम विभाग ने 25 से 28 मई तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तीखी लू चलने की चेतावनी जारी की है। सोमवार को प्रदेश के 44 जिलों में हीटवेव का असर रहेगा, जबकि बुंदेलखंड के पांच जिलों में हालात सबसे ज्यादा गंभीर बताए गए हैं। निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना और सतना में रेड अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में दिन के समय गर्म हवाएं लोगों को बेहाल कर सकती हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, नौतपा के शुरुआती चार दिन प्रदेश के लिए सबसे ज्यादा चुनौतीपूर्ण रहने वाले हैं। राजधानी भोपाल, ग्वालियर और उज्जैन संभाग में भी गर्मी अपने तीखे तेवर दिखाएगी। कई शहरों में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है। दोपहर के समय सड़कों पर लू के थपेड़े महसूस होंगे।
नौतपा शुरू होने से पहले ही झुलसा प्रदेश
रविवार को ही प्रदेश में भीषण गर्मी का असर दिखाई दिया। खजुराहो और नौगांव सबसे गर्म रहे, जहां तापमान 45.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दतिया में पारा 45 डिग्री तक पहुंच गया। टीकमगढ़ और शाजापुर में 44 डिग्री दर्ज हुआ, जबकि दमोह, सागर और सतना में तापमान 44.2 डिग्री रहा। गुना, मुरैना, राजगढ़ और श्योपुर में भी पारा 44 डिग्री के आसपास बना रहा। बड़े शहरों की बात करें तो ग्वालियर सबसे गर्म रहा, जहां तापमान 44.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भोपाल में 42.7 डिग्री, जबलपुर में 43.3 डिग्री, उज्जैन में 41.5 डिग्री और इंदौर में 40.9 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ।
यह भी पढ़ें-नशे में लॉ छात्र का सड़क पर कहर, 12 किलोमीटर तक दौड़ाई मौत की कार, आधा दर्जन घायल
इन जिलों में सबसे ज्यादा खतरा
रेड अलर्ट वाले जिले- निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना और सतना।
ऑरेंज अलर्ट वाले जिले- भिंड, दतिया, आगर-मालवा, राजगढ़, सागर, नरसिंहपुर, दमोह, जबलपुर, मंडला, बालाघाट, कटनी, उमरिया, शहडोल, मैहर, रीवा, मऊगंज, सीधी और सिंगरौली।
येलो अलर्ट वाले जिले–भोपाल, ग्वालियर, डिंडौरी, अनूपपुर, खरगोन, खंडवा, बुरहानपुर, नीमच, मंदसौर, रतलाम, उज्जैन, शाजापुर, सीहोर, रायसेन, नर्मदापुरम, विदिशा, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, श्योपुर और मुरैना।
यह भी पढ़ें-जल संरक्षण बने जन आंदोलन, तभी सुरक्षित होगा भविष्य
31 मई तक राहत के आसार नहीं
मौसम विभाग का अनुमान है कि मई के आखिरी सप्ताह तक गर्मी का असर चरम पर रहेगा। अगले चार दिन प्रदेशभर में लू और तेज गर्मी का दबाव बना रहेगा। मौसम वैज्ञानिकों ने दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच खास सतर्कता बरतने की सलाह दी है। लोगों से ज्यादा पानी पीने, शरीर को हाइड्रेट रखने और हल्के सूती कपड़े पहनने की अपील की गई है। बच्चों और बुजुर्गों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
