सोमवार को ठंडी वादियों के लिए मशहूर पचमढ़ी (36.4°C) के मुकाबले ग्वालियर का दिन अधिक ठंडा रहा। …और पढ़ें

HighLights
- सोमवार को पचमढ़ी से ठंडा रहा ग्वालियर
- फुहारों के बाद चटक धूप
- तेज हवा और बारिश का अलर्ट
डिजीटल टीम, ग्वालियर। ग्वालियर में मंगलवार की सुबह मौसम के दो अलग-अलग रंग देखने को मिले। पश्चिमी विक्षोभ के असर से तड़के ठंडी हवाओं के साथ हल्की फुहारें गिरीं, जिससे सुबह का माहौल खुशनुमा हो गया।
अगले दो ऐसे ही मौसम की उम्मीद
हालांकि, राहत का यह दौर ज्यादा लंबा नहीं चला और कुछ ही देर बाद खिली चटक धूप ने एक बार फिर गर्मी का अहसास कराना शुरू कर दिया। सोमवार को न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.8 डिग्री कम है। अगले दो दिनों तक अंचल में ऐसा ही मिला-जुला मौसम रहने की उम्मीद है।
पचमढ़ी से भी ठंडा रहा ग्वालियर
बीते सोमवार को ग्वालियर के तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई। पारा 4.8 डिग्री सेल्सियस गिरकर 34.8 डिग्री पर आ गया, जो सामान्य से करीब 7 डिग्री कम है। दिलचस्प बात यह रही कि ठंडी वादियों के लिए मशहूर पचमढ़ी (36.4°C) के मुकाबले ग्वालियर का दिन अधिक ठंडा रहा। बादलों और ठंडी हवाओं के चलते लोगों को भीषण लू से बड़ी राहत मिली है।
चक्रवाती घेरे और ट्रफ लाइन का असर
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, वर्तमान में एक साथ कई सिस्टम सक्रिय हैं। हरियाणा के ऊपर चक्रवाती घेरा बना हुआ है, वहीं एक ट्रफ लाइन राजस्थान और गुजरात होते हुए अरब सागर तक जा रही है। इन प्रणालियों के कारण हवा में नमी बढ़ गई है, जिससे अंचल के मौसम में अचानक बदलाव देखने को मिल रहा है।
आज तेज हवा और बारिश के आसार
मौसम विभाग ने आज यानी मंगलवार के लिए ‘यलो अलर्ट’ जैसी स्थिति जताई है। विभाग के मुताबिक, दिन भर बादलों की आवाजाही बनी रहेगी और गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। कहीं-कहीं हल्की वर्षा की भी संभावना है, जिससे तापमान नियंत्रण में रहेगा, हालांकि उमस थोड़ी परेशान कर सकती है।
