महाराजपुरा के चकरायपुरा गांव में सिरफिरे पिता-पुत्र ने जमकर उत्पात मचाया। …और पढ़ें

HighLights
- क्रिकेट की गेंद खेत में जाने पर पिता-पुत्र ने किया हमला
- लाइसेंसी रायफल से हवाई फायरिंग, गांव में फैली दहशत
- पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर हथियार जब्त किया
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। महाराजपुरा के चकरायपुरा गांव में सिरफिरे पिता-पुत्र ने जमकर उत्पात मचाया। इनके घर के पास खाली मैदान में गांव के ही युवक क्रिकेट खेल रहे थे। गेंद इनके खेत में चली गई। जब यह लोग गेंद उठाने के लिए गए तो पिता ने डंडे से युवक पर वार किया। जब उसका भाई बचाने आया तो उसे भी पीटा। उसके बेटे ने लाइसेंसी बंदूक से हवाई फायर किए। गोलीकांड की घटना से गांव में दहशत फैल गई।
इस मामले में पुलिस ने एफआइआर दर्ज कर ली है। पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर लिया है। लाइसेंसी बंदूक भी जब्त कर ली है।
क्या है पूरा मामला
चकरायपुरा गांव में रहने वाला आविद खान मस्जिद के पास स्थित मैदान में क्रिकेट खेल रहा था। आविद व उसके दोस्त यहां मौजूद थे। गेंद पड़ोस में रहने वाले कल्ला उर्फ दिनेश राजावत के खेत में चली गई। आविद गेंद उठाने के लिए चला गया। तभी कल्ला और उसका बेटा राहुल राजावत आ गए। इन लोगों ने अभद्रता शुरू कर दी।
सिर में कल्ला ने डंडा मार दिया
आविद के सिर में कल्ला ने डंडा मार दिया। जब उसका भाई आसिम बचाने के लिए आया तो उस पर भी हमला किया। राहुल भागता हुआ अपने घर के अंदर गया और उसने लाइसेंसी रायफल से गोलियां चला दी। हालांकि गोली किसी को लगी नहीं। गोली चलने से यहां दहशत फैल गई।
आविद व उसके स्वजन थाने पहुंचे। महाराजपुरा थाना पुलिस ने भी गोली चलाने वाले पिता-पुत्र को पकड़ लिया। इन पर एफआइआर दर्ज कर ली गई है। लाइसेंसी बंदूक जब्त कर ली गई है। अब लाइसेंस रद्द कराया जाएगा।
अधिकारियों का क्या कहना है
चकरायपुरा गांव में खेत में गेंद जाने को लेकर पिता-पुत्र ने गोलियां चलाई थीं। इस मामले में आरोपित पकड़े गए हैं। एफआइआर दर्ज कर ली है। हथियार का लाइसेंस रद्द कराया जाएगा।
यशवंत गोयल, थाना प्रभारी, महाराजपुरा
