नई उड़ान सेवा से होटल उद्योग, परिवहन, गाइड, हस्तशिल्प और स्थानीय व्यापार को सीधा लाभ मिलेगा तथा रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। …और पढ़ें

HighLights
- केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने किया वर्चुअल शुभारंभ
- इंडिगो के साथ अब अकासा एयर भी जुड़ी
- सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को भरी जाएगी उड़ान
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने दिल्ली से वर्चुअली ग्वालियर हवाई अड्डे से अकासा एयरलाइंस की बेंगलुरु-दिल्ली-ग्वालियर और ग्वालियर-दिल्ली-बेंगलुरु की नई उड़ान सेवा का शुभारंभ किया।
ग्वालियर के आत्मविश्वास की उड़ान
इस दौरान उन्होंने कहा कि यह केवल एक हवाई सेवा की शुरुआत नहीं, बल्कि ग्वालियर के आत्मविश्वास, विकास की रफ्तार और नए भारत की पहचान की उड़ान है। इस अवसर पर मध्य प्रदेश सरकार में ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, विधायक मोहन सिंह राठौड़, चैंबर आफ कामर्स के अध्यक्ष प्रवीण अग्रवाल, कैट से रवि गुप्ता एवं प्रदीप पाराशर सहित कई स्थानीय जनप्रतिनिधि और गणमान्य उपस्थित रहे।
अकासा एयर के जुड़ने से मिली नई उड़ान
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि अब ग्वालियर से दिल्ली और बेंगलुरु के लिए हवाई कनेक्टिविटी और मजबूत हो गई है। अब तक यहां से इंडिगो की उड़ानें सप्ताह में केवल तीन दिन (मंगलवार, गुरुवार और शनिवार) संचालित हो रही थीं, लेकिन अब अकासा एयर के जुड़ने से सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को भी उड़ान उपलब्ध होगी।
इस प्रकार अब सप्ताह में 6 दिन सीधी हवाई सेवा उपलब्ध होगी, जिससे यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। ग्वालियर मध्य प्रदेश का प्रमुख पर्यटन केंद्र है और नई हवाई सेवा से यहां आने वाले पर्यटकों की संख्या में वृद्धि होगी। इससे होटल उद्योग, परिवहन, गाइड, हस्तशिल्प और स्थानीय व्यापार को सीधा लाभ मिलेगा तथा रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
