नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। मध्य प्रदेश में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का पहला विश्वविद्यालय ग्वालियर में खुलने जा रहा है। चार मई को इस ऋषि गालव विश्वविद्यालय के लिए भूमिपूजन प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव करेंगे। लगभग 85 साल सक्रिय ‘मध्य भारत शिक्षा समिति’ ऋषि गालव विश्वविद्यालय का संचालन करेगी।

ग्वालियर के शिवपुरी लिंक रोड़ पर 55 बीघा जमीन पर करीब 110 करोड़ की लागत से इस विश्विद्यालय के भवन का निर्माण होगा। इसमें करीब 5 हजार छात्र-छात्राओं की पढ़ाई की सुविधा मिलेगी। भूमिपूजन कार्यक्रम सोमवार को सुबह साढ़े 9 बजे शिवपुरी लिंक रोड, शीतला माता मार्ग स्थित ग्राम बेला में आयोजित होगा।

इसमें विशिष्ट अतिथि के रूप में उच्च शिक्षा मंत्री इन्दर सिंह परमार, प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट उपस्थित रहेंगे। मुख्य वक्ता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ अखिल भारतीय कार्यकारिणी सदस्य सुरेश सोनी होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ मध्यभारत प्रांत संघचालक अशोक पांडे करेंगे।

विश्वविद्यालय में गुरु पूर्णिमा 18 जुलाई 2027 से सत्र शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है। पहला चरण 30 करोड़ की लागत से पूरा होगा। यह यूनिवर्सिटी 3 वर्ष में पूर्ण होगी। यह विश्वविद्यालय उच्च कोटि की शिक्षा के साथ राष्ट्र के भविष्य को गढ़ने का कार्य करेगा।

भूमिपूजन समारोह की तैयारियां हुई पूरी

मध्य भारत शिक्षा समिति, ग्वालियर के अध्यक्ष डॉ. राजेंद्र बांदिल के निर्देशन में सचिव प्रो. राजेंद्र वैद्य, सह-सचिव प्रभात फाटक, कोषाध्यक्ष वृंदावन लुड़ेले, सदस्य कल्याण सिंह कौरव, प्रशासनिक अधिकारी डॉ. प्रदीप वाजपेयी सहित समस्त व्यवस्था टोलियों ने भूमिपूजन समारोह की तैयारियों को अंतिम रूप दिया।

कार्यक्रम में ढाई हजार लोग आमंत्रित

कार्यक्रम स्थल पर लगभग 30 हजार वर्गफीट में विशाल डोम तैयार किया जा रहा है, जिसमें ढाई हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था रहेगी। मुख्य मंच के साथ दो छोटे मंच भी बनाए हैं, जिन पर छात्र-छात्राएं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे।

वाहनों की रहेगी व्यवस्था

भूमिपूजन समारोह में जाने-आने के लिए नागरिकों की सुविधा के लिए शहर के विभिन्न स्थानों से वाहनों की व्यवस्था की गई है। सुबह पौने आठ बजे एबी रोड स्थित गणेश बाग मंदिर, पार्वती विद्या पीठ, पीजीवी महाविद्यालय परिसर, माधव महाविद्यालय नईसड़क, सरस्वती शिशु मंदिर नदी द्वार, जीवाजी विश्वविद्यालय द्वार, राजमाता चौराहा, एमआइटीएस गोला का मंदिर से वाहन कार्यक्रम स्थल के लिए रवाना होंगे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *