नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। मध्य प्रदेश को नशा मुक्त बनाने की दिशा में पुलिस बड़े स्तर पर प्रयास कर रही है। इसमें विशेष अभियान चलाने से लेकर मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले तस्करों और गली-गली में नशा बेचने वाले छोटे एजेंटों तक के खिलाफ कार्रवाई करने की रणनीति तैयार की जा रही है। 10 साल में पकड़े गए तस्करों का डाटाबेस तैयार हो रहा है।
नशा मुक्ति केंद्रों की ली जाएगी मदद
पहली बार ऐसा हो रहा है, जब अलग से एनडीपीएस एक्ट में पकड़े गए तस्करों का इतनी लंबी अवधि का डाटाबेस तैयार हो रहा है। इसके अलावा 15 से 31 जुलाई तक फिर से नशे से दूरी है जरूरी अभियान पूरे प्रदेश में चलाया जाएगा। इसमें न सिर्फ मादक पदार्थों की तस्करी करने वालों की धरपकड़ होगी, बल्कि नशे के दलदल में फंस चुके लोगों को मुख्य धारा में वापस लाने के भी प्रयास किए जाएंगे। डीजीपी कैलाश मकवाना खुद इसकी मॉनिटरिंग करेंगे। ग्वालियर में इस अभियान के लिए अभी से तैयारी शुरू हो गई है। इतना ही नहीं हर महीने नशे का सामान बेचने वालों के खिलाफ हो रही कार्रवाई की भी समीक्षा हो रही है।
थाने बुलाकर डोजियर भरवा रही पुलिस, जमानत होगी रद
10 साल में जो बड़े मादक पदार्थ तस्कर पकड़े गए उनका डाटाबेस तैयार कर। इनके थाने बुलाकर डोजियर भरवाना शुरू हो गए हैं। कौन-कितने बार पकड़ा गया, जेल से छूटने बाद वह क्या कर रहा है। कौन-से एजेंट उसके लिए काम करते हैं। किस क्षेत्र में सक्रिय है। यह कुंडली थाना स्तर पर तैयार हो रही है। बड़े तस्करों की जमानत रद्द कराने के लिए पुलिस कोर्ट में आवेदन लगाएगी। इसमें ऐसे तस्कर शामिल हैं, जो बार-बार पकड़े जाते हैं और जेल से छूटते ही फिर नशे की तस्करी शुरू कर देते हैं।
हॉट स्पाट चिह्नित, लत छुड़ाने पर जोर
ग्वालियर में ऐसे 20 हॉट स्पाट चिह्नित किए गए हैं, जहां नशे की लत के कारण कई लोग परेशान हैं। ऐसे 20 क्षेत्र हैं। यहां पुलिस ऐसे लोगों को नशा मुक्ति केंद्र में ले जाकर नशे की लत छुड़वाने के लिए प्रयास कर रही है। यहां जागरूकता कार्यक्रम भी चलाए जा रहे हैं।
ग्वालियर के यह हॉट स्पाट
ग्वालियर के 20 स्पाट में सबसे ज्यादा ऐसे युवा हैं, जो सूखे नशे की लत के कारण बर्बादी की राह पर हैं। कई तो नशे की लत पूरी करने के लिए अपराध की राह तक पकड़ लेते हैं।
इन क्षेत्रों पर रहेगी पुलिस की विशेष नजर
रसूलपुर- महाराजपुरा थाना, रेलवे स्टेशन के बाहर-पड़ाव थाना, अवाड़पुरा- कंपू थाना, गोहिंदा- भितरवार थाना, गुढ़ा-गुढ़ी का नाका- माधौगंज थाना, पंचमुखी हनुमान मंदिर के पास, तारागंज- जनकगंज थाना, स्याऊ ग्राम- करहिया थाना, आदिवासी मोहल्ला- डबरा शहर थाना, गोसपुरा, राजा मंडी- ग्वालियर थाना, उरवाई गेट- बहोड़ापुर थाना,कैलाश टाकीज के पीछे, नई सड़क, इसाईयों का कब्रिस्तान- इंदरगंज थाना, रामलीला मैदान मुरार- मुरार थाना, मेला ग्राउंड- गोला का मंदिर थाना, भीम नगर- थाटीपुर थाना, महलगांव- यूनिवर्सिटी थाना, लूटपुरा- हजीरा थाना, कैंसर पहाड़ी- झांसी रोड थाना।
