राजधानी भोपाल के ऐशबाग इलाके में निवेश के नाम पर बड़ी ठगी का मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने जिम खोलने का झांसा देकर 32 लाख रुपये हड़प लिए। हैरानी की बात यह है कि घटना करीब तीन साल पुरानी है, जबकि शिकायत के एक साल बाद अब जाकर पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है।

पुलिस के अनुसार, हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी निवासी कबीश माहेश्वरी, जो एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं, की मुलाकात वर्ष 2022 में शुभम गुप्ता से हुई थी। शुरुआती परिचय जल्द ही दोस्ती में बदल गया। इसी दौरान आरोपी ने खुद को जिम व्यवसाय से जुड़ा बताते हुए कबीश को निवेश का प्रस्ताव दिया। उसने दावा किया कि जिम में पैसा लगाने पर अच्छा मुनाफा मिलेगा और करीब 32 लाख रुपये निवेश करने के लिए राजी कर लिया।

पढ़ें:  पहली बार मुस्लिम संगठन खुलकर आया सामने, आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर अल्टीमेटम

दोस्ती में भरोसा कर सौंप दी पूरी रकम

दोस्ती और भरोसे में आकर कबीश माहेश्वरी ने आरोपी को पूरी रकम दे दी। लेकिन पैसे लेने के बाद न तो जिम शुरू किया गया और न ही रकम वापस की गई। जब फरियादी ने पैसे मांगे तो आरोपी टालमटोल करता रहा और बाद में धमकाने लगा।

परेशान होकर कबीश ने एक साल पहले ऐशबाग थाने में लिखित शिकायत दी थी। जांच के बाद शनिवार को पुलिस ने आरोपी शुभम गुप्ता के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी संदीप पवार के अनुसार आरोपी फिलहाल फरार है और उसकी तलाश जारी है। यह पहली घटना नहीं है जब भोपाल में निवेश या पार्टनरशिप के नाम पर ठगी की गई हो। इसके बावजूद लोग सतर्क नहीं हो रहे हैं और आए दिन ऐसे मामलों का शिकार हो रहे हैं।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *