अगले तीन माह मानसून के सीजन के दौरान नईदुनिया भी हरियाली का ख्याल रखने की मुहिम में भागीदार बनेगा। …और पढ़ें

Publish Date: Fri, 05 Jun 2026 09:42:26 AM (IST)Updated Date: Fri, 05 Jun 2026 10:20:03 AM (IST)

विश्व पर्यावरण दिवस: हरियाली की राह पर ग्वालियर, नगर निगम इस मानसून में रोपेगा 1.25 लाख पौधे
जयविलास पैलेस के आसपास हरियाली से आच्छादित क्षेत्र, इसी तरह ग्वालियर में चारों तरफ हरियाली फैल रही है, ये लोगों की पर्यावरण के प्रति जागरूकता का भी उदाहरण है। नईदुनिया

HighLights

  1. जनभागीदारी से संवरेंगे शहर के 10 पार्क
  2. देखरेख के लिए साइन होगा एमओयू
  3. चिन्हित हुए कई बड़े इलाके

नईदुनिया, प्रतिनिधि, ग्वालियर। विश्व पर्यावरण दिवस पर जब पूरी दुनिया प्रकृति संरक्षण की बात कर रही है, तब ग्वालियर भी अपनी अनूठी पर्यावरणीय पहचान के साथ आगे बढ़ रहा है। एक ओर तिघरा जलाशय शहर की प्यास बुझा रहा है, तो दूसरी ओर चंबल घाटी दुर्लभ वन्यजीवों का सुरक्षित आश्रय बनी हुई है।

शहर में बढ़ते पौधरोपण अभियान, नदियों के संरक्षण की पहल, साइकिलिंग और पर्यावरण के प्रति युवाओं की बढ़ती जागरूकता एक सकारात्मक तस्वीर प्रस्तुत करती है। इस पर्यावरण दिवस से लेकर मानसून की समाप्ति तक नगर निगम ने शहर के विभिन्न स्थानों पर 1.25 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य रखा है। इसके अलावा पर्यावरण दिवस के दिन ही शहर के 10 अविकसित पार्कों को जनभागीदारी से विकसित करने के लिए मेमोरेंडम आफ अंडरस्टैंडिंग (एमओयू) साइन किया जाएगा।

शहर में लंबे समय से पर्यावरण सुधार की दिशा में काम चल रहा है। शहर में पदस्थ न्यायमूर्ति जस्टिस आनंद पाठक ने जहां अपने फैसलों के साथ ही पौधरोपण की शर्त रखकर सिरोल पहाड़ी की सूरत बदल दी। वहीं शहरी क्षेत्र में इस साल नगर निगम भी हरियाली फैलाने के लिए कमर कसे हुए है। यही कारण है कि इस साल शहर के सात से अधिक स्थानों पर वृहद स्तर पर पौधरोपण कर ईको सिस्टम विकसित किया जाएगा।

naidunia_image

नईदुनिया रखेगा हरियाली का ख्याल

अगले तीन माह मानसून के सीजन के दौरान नईदुनिया भी हरियाली का ख्याल रखने की मुहिम में भागीदार बनेगा। आगामी 20 जून तक हर दिन शहर की सामाजिक, शैक्षणिक संस्थाओं के साथ मिलकर पौधरोपण के प्रति लोगों को जागरूक किया जाएगा। इसके साथ ही 20 जून के बाद से वन विभाग और नगर निगम के साथ मिलकर शहर में पौधरोपण अभियान चलाया जाएगा। इसमें सिर्फ पौधों को रोपने तक ही जिम्मेदारी सीमित नहीं होगी, बल्कि रोपण के बाद उनका ख्याल रखने और गोद दिलाने का भी काम किया जाएगा।

इन स्थानों पर होगा पौधारोपण

नगर निगम द्वारा शहर की पहाड़ियों के अलावा डिवाइडरों और ऐसे इलाकों का चयन किया है, जहां धूल-मिट्टी ज्यादा उड़ती है। इनमें मानपुर पहाड़ी, कैप्टन हिल के साथ ही विक्की फैक्ट्री से सिथौली और चिरवाई नाका से बेला की बावड़ी का चयन किया है। वहीं ट्रांसपोर्ट नगर में ग्रीन बेल्ट विकसित की जाएगी। इसके लिए पौधरोपण का प्लान कुछ इस प्रकार तैयार किया गया है-

  • मानपुर पहाड़ी पर नेशनल क्लीन एयर प्रोग्राम के अंतर्गत 15 हजार पौधे रोपे जाएंगे।
  • कैप्टन हिल पर 3000 पौधे रोपने की तैयारी है।
  • विक्की फैक्ट्री से तानसेन द्वार तक डिवाइडरों पर 3000 पौधे रोपे जाएंगे।
  • चिरवाई नाका से बेला की बावड़ी तक डिवाइडर पर 2000 पौधे रोपेंगे।
  • ट्रांसपोर्ट नगर में 1500 पौधे रोपकर ग्रीन बेल्ट विकसित की जाएगी।
  • बरा स्थित पार्क में 1200 पौधे रोपकर हरियाली की गई है।
  • बरा स्थित सेकंड फेज के पार्क में 700 पौधे रोपे गए हैं। यहां 800 पौधे और लगाए जाएंगे।

अविकसित पार्कों को देंगे गोद: शहर में वृहद स्तर पर पौधरोपण का लक्ष्य रखा गया है। इस मानसून के सीजन में ग्वालियर के पहाड़ों और सड़कों पर हरियाली फैले, यह पूरी तरह से सुनिश्चित किया जाएगा। हम अविकसित पार्कों को भी गोद देने जा रहे हैं। -संघ प्रिय, आयुक्त नगर निगम।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *