सास अतर देवी ने पुलिस को बताया कि बहू ने उनका जीना मुश्किल कर दिया है और पुलिस ही अब उनकी मदद कर सकती है। …और पढ़ें

HighLights
- गोसपुरा की लतेश पति के सांवले रंग का उड़ाती है मजाक
- ससुराल पक्ष का आरोप– घर में रोज होता है हंगामा
- पीड़ित पति और सास ने पुलिस अधीक्षक से लगाई सुरक्षा की गुहार
डिजिटल डेस्क, ग्वालियर। ग्वालियर शहर में घरेलू विवाद का एक अनोखा मामला सामने आया है, जहां एक सास और उसका बेटा अपनी ही बहू से परेशान होकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंच गए। परिवार का आरोप है कि बहू आए दिन पति के रंग-रूप का मजाक उड़ाती है, महंगे आईफोन और एसी की मांग करती है और घर में लगातार विवाद खड़ा करती रहती है।
मामला गोसपुरा क्षेत्र का
मामला ग्वालियर के गोसपुरा इलाके का बताया जा रहा है। यहां रहने वाले कमल किशोर अपनी मां अतर देवी और पत्नी लतेश के साथ रहते हैं। परिजनों के अनुसार कमल किशोर का रंग सांवला है, जबकि उसकी पत्नी गोरी है। इसी बात को लेकर लतेश अक्सर पति को “काला” कहकर पुकारती है। परिवार का कहना है कि इस वजह से घर में आए दिन झगड़े होते हैं और माहौल तनावपूर्ण बना रहता है।
आईफोन-एसी खरीदने की बहू की जिद
सास अतर देवी का आरोप है कि बहू लगातार महंगा आईफोन और एसी खरीदने का दबाव बनाती है। मांग पूरी न होने पर वह घर में हंगामा करती है। परिवार का यह भी कहना है कि लतेश ने घर के जेवर अपने कब्जे में रख लिए हैं और वह झूठे केस में फंसाने की धमकी भी देती है।
परिजनों के मुताबिक विवाद इतना बढ़ चुका है कि कई बार घर में मारपीट जैसी स्थिति बन जाती है। ससुराल पक्ष का दावा है कि लतेश दो बार आत्महत्या की कोशिश भी कर चुकी है, जिसके बाद पूरा परिवार डर और तनाव में जी रहा है।
एसपी ऑफिस पहुंची अतर देवी ने कहा कि बहू ने उनका जीना मुश्किल कर दिया है और पुलिस ही अब उनकी मदद कर सकती है। वहीं पति कमल किशोर ने आरोप लगाया कि उनकी पत्नी छोटी-छोटी बातों पर झगड़ा करती है और उसे मायके पक्ष का भी समर्थन मिलता है।
इधर पुलिस का कहना है कि शिकायत प्राप्त हुई है और मामले की जांच की जाएगी। जांच के बाद जो तथ्य सामने आएंगे, उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
