डिजिटल डेस्क, ग्वालियर। नौतपा की भीषण तपिश झेल रहे ग्वालियर के लोगों के लिए शुक्रवार की सुबह बड़ी राहत लेकर आई। गुरुवार शाम को आए मौसम में बदलाव के बाद, आज यानी शुक्रवार भोर होते ही आसमान में काले बादलों ने डेरा डाल लिया। सुबह 6 बजते-बजते शहर के कई हिस्सों में तेज तो कहीं रिमझिम बारिश का दौर शुरू हो गया। इस झमाझम बारिश से नौतपा के तीखे तेवर पूरी तरह ढीले पड़ गए हैं और मौसम सुहाना होने से शहरवासियों ने राहत की सांस ली है।
नगर निगम और बिजली कंपनी के दावों की पोली खुली
हालांकि, इस पहली तेज बारिश ने नगर निगम और बिजली कंपनी के दावों की पोल खोलकर रख दी है। मानसून आने से पहले ही शहर के कई इलाकों में बिजली की आवाजाही शुरू हो गई है, वहीं सड़कों के गड्ढे पानी से लबालब होकर ड्रेनेज सिस्टम की हकीकत बयां कर रहे हैं।
दिन में तपाएगा सूरज, शाम को आंधी-बारिश दिलाएगी राहत
मौसम विभाग के अनुसार, ग्वालियर अंचल में आज (शुक्रवार) भी मौसम का मिजाज मिलाजुला रहेगा। दोपहर तक तेज धूप के कारण गर्मी का अहसास होगा, जिसे देखते हुए मौसम विज्ञान केंद्र ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। हालांकि, दोपहर बाद एक बार फिर मौसम करवट लेगा और तेज आंधी व गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, यह स्थिति आगामी 1 जून तक बनी रहेगी, जिससे दिन में तो गर्मी रहेगी लेकिन रातें ठंडी और आरामदायक होंगी।
पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय, 60 किमी/घंटे की रफ्तार से चली आंधी
जम्मू-कश्मीर में सक्रिय हुए नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से गुरुवार शाम को ग्वालियर का मौसम अचानक बदल गया था। गुरुवार का दिन 44.7 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ सीजन का दूसरा सबसे गर्म दिन दर्ज हुआ था, लेकिन शाम होते ही 50 से 60 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से चली धूलभरी आंधी और देर रात तक रुकी-रुकी हुई बारिश ने पारे को गिरा दिया। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर प्रदेश के मध्य भाग में बने चक्रवाती घेरे और इस विक्षोभ के कारण अगले 24 घंटों में ग्वालियर समेत भिंड, मुरैना, दतिया और श्योपुर में तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश का दौर जारी रह सकता है।
आंधी से गिरे पेड़, बिजली गुल होने से बढ़ी परेशानी
गुरुवार रात आई तेज आंधी और बारिश के कारण शहर की व्यवस्थाएं चरमरा गईं। गांधी रोड पर कलेक्टर बंगले के ठीक सामने एक विशालकाय पेड़ सड़क पर गिर गया। इसके अलावा तानसेन रोड और फूलबाग क्षेत्र में भी पेड़ गिरने से रास्ते बाधित हुए। आंधी के कारण शहर के कई इलाकों में बिजली लाइनों में फॉल्ट हो गए, जिससे देर रात तक बत्ती गुल रही। बिजली कंपनी का अमला देर रात तक फॉल्ट सुधारने की मशक्कत में जुटा रहा।
