ग्वालियर के महाराजपुरा में 16 वर्षीय छात्र ने दोस्तों के बीच कट्टा दिखाते समय गलती से गोली चला दी। गोली उसके नाबालिग दोस्त के पैर में लगी, पुलिस जांच …और पढ़ें

HighLights
- मॉर्निंग वॉक के दौरान नाबालिग छात्र ने कट्टा निकाला।
- दोस्तों के सामने रंगबाजी दिखाते समय अचानक गोली चल गई।
- गोली लगने से नाबालिग दोस्त घायल होकर अस्पताल पहुंचा।
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। ग्वालियर में अवैध हथियारों का खतरनाक खेल अब नाबालिगों तक पहुंच चुका है। महाराजपुरा इलाके में 24 घंटे के भीतर गोली चलने की दूसरी घटना ने पुलिस की कार्यप्रणाली और हथियारों की उपलब्धता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
हैरानी की बात यह है कि इस बार किसी गैंगस्टर या बदमाश ने नहीं, बल्कि 16 वर्षीय छात्र ने कट्टा लहराते हुए अपने ही दोस्त को गोली मार दी। घटना उस समय हुई, जब कुछ स्कूली छात्र-छात्राएं मॉर्निंग वॉक पर निकले थे। पुलिस ने नाबालिग आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, लेकिन सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर इतनी कम उम्र के बच्चों तक अवैध हथियार पहुंच कैसे रहे हैं।
दोस्तों के बीच रंगबाजी पड़ी भारी
- जानकारी के अनुसार महाराजपुरा क्षेत्र के शताब्दीपुरम स्थित कंसाना कोठी के पास रहने वाला 16 वर्षीय छात्र अपने पांच दोस्तों के साथ आदित्यपुरम इलाके में मॉर्निंग वॉक पर निकला था। सभी युवक-युवतियां आधार कोचिंग के पास से गुजर रहे थे।
- बताया जा रहा है कि ये सभी कोचिंग में पढ़ाई करते हैं। इसी दौरान नाबालिग छात्र ने कमर में छिपाकर रखा कट्टा निकाला और दोस्तों के सामने रौब झाड़ने लगा। कट्टा दिखाने के दौरान अचानक ट्रिगर दब गया और गोली उसके साथ चल रहे नाबालिग दोस्त के पैर में जा लगी।
गोली चलते ही मचा हड़कंप
गोली लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायल छात्र दर्द से चीख उठा, जबकि बाकी दोस्त घबरा गए। आनन-फानन में घायल को अस्पताल पहुंचाया गया। इसी बीच स्थानीय लोगों ने पुलिस को गोली चलने की सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच में स्पष्ट हुआ कि गोली नाबालिग छात्र के हाथ से चली थी।
पुलिस ने कट्टा बरामद कर आरोपी को पकड़ा
महाराजपुरा थाना पुलिस ने घायल छात्र की शिकायत पर एफआइआर दर्ज कर ली है। आरोपी नाबालिग को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल कट्टा भी बरामद कर लिया है। थाना प्रभारी यशवंत गोयल ने बताया कि आरोपित छात्र से पूछताछ की जा रही है कि आखिर उसे अवैध हथियार कहां से मिला।
अवैध हथियारों के नेटवर्क पर सवाल
घटना ने एक बार फिर ग्वालियर में फल-फूल रहे अवैध हथियारों के कारोबार की पोल खोल दी है। पुलिस लगातार कार्रवाई के दावे करती है, लेकिन इसके बावजूद नाबालिगों तक कट्टे आसानी से पहुंच रहे हैं। शहर में सोशल मीडिया और गैंगस्टर संस्कृति के प्रभाव के बीच किशोरों में हथियारों का आकर्षण बढ़ता जा रहा है। ऐसे में जरूरत केवल कार्रवाई की नहीं, बल्कि अवैध हथियारों की सप्लाई चेन तोड़ने और युवाओं को अपराधी मानसिकता से दूर रखने की भी है।
