नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। शहर के दीनदयाल नगर स्थित वैष्णो ज्वेलर्स का संचालक सचिन सोनी ग्राहकों का करीब चार करोड़ रुपये का सोना लेकर भाग गया। यहां से भागकर वह अपने परिवार के साथ गुजरात के वडोदरा में रह रहा था। पुलिस लगातार तलाश में लगी थी। इसी बीच पुलिस को पता लगा कि वह ऋषिकेश में व्यापार करने के लिए वहां जगह देखने जा रहा है।
घेराबंदी कर दबोचा
कोतवाली पुलिस ने घेराबंदी कर सचिन सोनी और उसके भाई नितिन सोनी को पकड़ लिया। इनकी निशानदेही पर पुलिस ने 971 ग्राम सोने के गहने बरामद कर लिए हैं। अभी इनसे और पूछताछ चल रही है।
कोतवाली थाना पुलिस ने मानसिंह गुर्जर की शिकायत पर एफआईआर दर्ज की है। मानसिंह ने बताया कि उसके बेटे की फरवरी में शादी थी। इसके लिए उसने 640 ग्राम सोने के गहने बनवाए थे। सचिन सोनी के यहां गहने बनवाए थे। शादी की तारीख नजदीक आ गई थी। इसलिए सचिन द्वारा बिना हालमार्क के ही यह गहने दे दिए थे। सचिन ने कहा था कि वह हालमार्क बाद में लगवाकर दे देगा।
मानसिंह शादी के बाद अपने भतीजे रिंकू के साथ सचिन के पास पहुंचे। उसने कहा कि लश्कर स्थित सराफा बाजार में अमोल हालमार्क पर हालमार्क लगवा देगा। मानसिंह और उसके भतीजे को लेकर पहुंचा। यहां सर्वर काम नहीं कर रहा था। इस पर सचिन ने कहा कि गहने रख दें, बाद में हालमार्क लग जाएगा तो ले जाएंगे। इसकी रसीद भी दे दी। रसीद पर सचिन ने अपना नाम लिखवा लिया। दो दिन बाद जब मानसिंह पहुंचा तो पता लगा कि यह गहने सचिन खुद ही लेकर जा चुका था। फिर उसने पुलिस से शिकायत की।
तब और भी लोग पुलिस के पास पहुंचे। इन लोगों ने भी बताया कि उनके गहने भी वह इसी तरह लेकर भाग गया है। करीब साढ़े तीन किलो सोने के गहने वह 20 से ज्यादा लोगों के लेकर भागा। कोतवाली थाना प्रभारी मोहिनी वर्मा और इनकी टीम तलाश में लग गई। तभी पता लगा कि यह लोग उत्तराखंड में व्यापार करने के लिए दुकान देखने जा रहे हैं। घेराबंदी की और मेरठ हाईवे पर इन्हें पकड़ लिया।
बोले… कुछ ग्राहकों का सोना लौटाया, वह अब भी मांग रहे: पूछताछ में इन लोगों ने बताया कि कुछ ग्राहकों का सोना लौटा दिया है। कुछ को रुपये लौटा दिए हैं। फिर भी अब वह रुपये मांग रहे हैं।
मानसिंह यह गहने लेकर भागा: हमेल- 17 तोला, एक सोने की करधोनी 12 तोला, गले का चोकर हार 10 तोला, चूड़ी 10 तोला, सोने का हाथफूल तीन तोला, मंगलसूत्र तीन तोला, गले की चेन, 1.5 तोला, कान के झाले दो तोला, बाजूबंद दो तोला, माथे का बेंदा दो तोला, बेंदा एक तोला, नाक की नथनी 0.5 ग्राम, जोधा अंगूठी एक तोला, अंगूठी बड़ी एक तोला।
25 प्रतिशत ब्याज पर लिया कर्ज: सचिन ने बताया कि व्यापार अच्छा चल रहा था। सोने के दाम अचानक बढ़ गए, लेकिन ग्राहकों ने पुराने दाम पर बुकिंग की थी। ऐसे में उसे घाटा हो गया। घाटा पूरा करने के लिए 25 प्रतिशत तक ब्याज पर कर्ज लिया।
