नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। नगरीय प्रशासन विभाग के अपर मुख्य सचिव संजय दुबे और आयुक्त संकेत भोंडवे शुक्रवार को शहर में विकास कार्यों के निरीक्षण के साथ ही नगर निगम ग्वालियर व मुरैना और अंचल के नगरीय निकायों की समीक्षा करेंगे।

ढाई घंटे का रहेगा भ्रमण

तय कार्यक्रम के मुताबिक अपर मुख्य सचिव और आयुक्त नगरीय प्रशासन शुक्रवार को सुबह साढ़े सात से 10 बजे तक क्षेत्र भ्रमण के साथ ही योजनाओं का निरीक्षण करेंगे। इसमें गोरखी स्थित मल्टी लेवल कार पार्किंग (एमएलसीपी), प्रधानमंत्री आवास योजना सिरोल, सचिन तेंदुलकर मार्ग निर्माण कार्य, जलालपुर स्थित इंटर स्टेट बस टर्मिनल, रमौआ में पीएम ई-बस डिपो आदि शामिल हैं।

इसके बाद सुबह 11 बजे से नगर निगम ग्वालियर और मुरैना की समीक्षा बैठक होगी। दोपहर ढाई से शाम साढ़े पांच बजे तक ग्वालियर-चंबल संभाग के निकायों की समीक्षा की जाएगी। इसमें केंद्र सरकार व राज्य शासन की योजनाओं जैसे अमृत योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन, एमपीयूडीसी की परियोजनाओं, नमामि गंगे और स्काडा, कायाकल्प, मुख्यमंत्री अधोसंरचना, द्वारिका नगरी योजना आदि शामिल हैं। इसके साथ ही राजस्व आय में वृद्धि तथा आत्मनिर्भर निकाय के लिए किए गए कार्यों, वेतन भुगतान की स्थिति, एनर्जी आडिट, सीएम हेल्पलाइन, अवमानना प्रकरणों, 15वें वित्त आयोग के कार्यों, पीएम ई-बस सेवा, ई-आफिस, स्मार्ट सिटी के कार्यों की समीक्षा होगी। गुरुवार को नगर निगम के सभी विभागों में अधिकारी प्रेजेंटेशन बनाने में लगे रहे।

नेशनल लोक अदालत कल, संपत्तिकर व जलकर के अधिभार में मिलेगी छूट

ग्वालियर। संपत्तिकर व जलकर के लंबित प्रकरणों के निराकरण के लिए 9 मई को नेशनल लोक अदालत का आयोजन किया जा रहा है।

निगमायुक्त संघ प्रिय ने बताया कि लोक अदालत का आयोजन नगर निगम के समस्त क्षेत्रीय व वार्ड कार्यालयों के साथ ही जिला न्यायालय परिसर में किया जाएगा। लोक अदालत में संपत्तिकर व अधिभार की राशि 50 हजार रुपये तक बकाया होने पर मात्र अधिभार में 100 प्रतिशत की छूट रहेगी। ऐसे प्रकरण जिनमें 50 हजार से एक लाख तक की राशि बकाया है, उनके अधिभार में 50 प्रतिशत की छूट व एक लाख रुपये से अधिक बकाया होने पर मात्र अधिभार में 25 प्रतिशत की छूट प्रदान की जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *