रेलवे यात्रियों के लिए एक ओर राहत की खबर है तो दूसरी ओर सफर से पहले सावधानी बरतने की जरूरत भी है। झांसी मंडल के ललितपुर स्टेशन पर यार्ड रिमॉडलिंग कार्य के कारण जुलाई में भोपाल मंडल से गुजरने वाली कई ट्रेनें निरस्त, परिवर्तित मार्ग से संचालित और नियंत्रित की जाएंगी। वहीं दूसरी तरफ पुणे-दानापुर के बीच नई अमृत भारत साप्ताहिक एक्सप्रेस 27 जून से नियमित रूप से शुरू होने जा रही है।

ललितपुर यार्ड कार्य से दर्जनों ट्रेनें प्रभावित

रेलवे के अनुसार ललितपुर स्टेशन पर 1 जुलाई से 1 अगस्त तक प्री-नॉन इंटरलॉकिंग, इंटरलॉकिंग और पोस्ट-इंटरलॉकिंग कार्य किया जाएगा। इसके चलते भोपाल-खजुराहो एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनों को निरस्त किया गया है, जबकि दक्षिण भारत, दिल्ली, जम्मू, प्रयागराज, बिहार और उत्तर प्रदेश की ओर जाने वाली अनेक ट्रेनों के मार्ग में बदलाव किया गया है।

भोपाल-खजुराहो-भोपाल एक्सप्रेस 16 से 20 जुलाई तक निरस्त रहेगी। इसके अलावा ललितपुर-बीना पैसेंजर सहित कई अन्य ट्रेनें भी निर्धारित अवधि में नहीं चलेंगी। बड़ी संख्या में एक्सप्रेस ट्रेनों को वैकल्पिक मार्गों से संचालित किया जाएगा, जिससे यात्रा समय प्रभावित हो सकता है। रेलवे ने यात्रियों से यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति जांचने की अपील की है।

यह भी पढ़ें-मानसून की देरी से आधा सूखा जून, एमपी में 52% कम बारिश, 4 जिलों में लू, 30 में बारिश का अलर्ट

इटारसी को मिली नई अमृत भारत एक्सप्रेस

यात्रियों को बेहतर सुविधा देने के लिए रेलवे प्रशासन ने पुणे-दानापुर अमृत भारत साप्ताहिक एक्सप्रेस के नियमित संचालन की घोषणा की है। यह ट्रेन भोपाल मंडल के इटारसी और नरसिंहपुर स्टेशनों से होकर गुजरेगी। गाड़ी संख्या 11431 पुणे-दानापुर अमृत भारत एक्सप्रेस प्रत्येक शनिवार को पुणे से रवाना होगी और अगले दिन सुबह 6:05 बजे इटारसी पहुंचेगी। वहीं गाड़ी संख्या 11432 दानापुर-पुणे अमृत भारत एक्सप्रेस प्रत्येक सोमवार को दानापुर से चलकर शाम 7:50 बजे इटारसी पहुंचेगी।

यह भी पढ़ें-ट्रांसफर पोर्टल में फंसे शिक्षकः 20 साल पुरानी शादियों पर मांगा जा रहा विवाह पंजीयन, पंजीयन नहीं तो आवेदन नहीं

मध्य प्रदेश को मिलेगा सीधा लाभ

नई रेल सेवा से इटारसी, नरसिंहपुर, जबलपुर, कटनी और सतना क्षेत्र के यात्रियों को पुणे, प्रयागराज, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, आरा और दानापुर के लिए सीधा रेल संपर्क मिलेगा। ट्रेन का नियमित संचालन 27 जून से पुणे और 29 जून से दानापुर से शुरू होगा। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि नई अमृत भारत एक्सप्रेस से मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और बिहार के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को किफायती और सुविधाजनक विकल्प मिलेगा, जबकि यार्ड रिमॉडलिंग कार्य पूरा होने के बाद रेल संचालन और अधिक सुगम हो सकेगा।

 



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *