केंद्रीय सड़क परिवहन व राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने सितंबर 2022 में ग्वालियर में एलिवेटेड रोड निर्माण कार्य के भूमिपूजन के समय इस रोड को फोरलेन में …और पढ़ें

Publish Date: Mon, 25 May 2026 09:34:34 AM (IST)Updated Date: Mon, 25 May 2026 09:35:17 AM (IST)

ग्वालियर-इटावा हाईवे होगा फोरलेन:1825 करोड़ की लागत से चमकेगी 117 किमी सड़क, जाम और हादसों से मिलेगी मुक्ति

HighLights

  1. दो पैकेज में होगा फोरलेन का निर्माण
  2. 117 किमी लंबी रोड का किया जाएगा चौड़ीकरण
  3. उत्तर प्रदेश की सीमा स्थित बरही गांव तक बनेगी

नईदुनिया प्रतिनिधि,ग्वालियर। लंबे समय के बाद नेशनल हाईवे अथारिटी आफ इंडिया (एनएचएआइ) के अधिकारियों ने पुरानी छावनी स्थित अटल द्वार से लेकर बिरला नगर, गोला का मंदिर होते हुए भिंड-इटावा रोड को फोरलेन में परिवर्तित करने की तैयारी पूरी कर ली है। एनएचएआइ द्वारा करीब 117 किमी लंबी इस रोड को फोरलेन करने के लिए 1825 करोड़ रुपये से अधिक राशि खर्च की जाएगी। पूरी रोड का निर्माण दो पैकेज में किया जाएगा।

पहले पैकेज के अंतर्गत पुरानी छावनी से लेकर पृथ्वीपुर गांव तक 77 किमी लंबी टू लेन रोड को फोरलेन में परिवर्तित करने का कार्य 1182 करोड़ रुपये की लागत से किया जाएगा। इसके बाद पृथ्वीपुर से लेकर मध्यप्रदेश-उत्तर प्रदेश के बार्डर स्थित गांव बरही तक फोरलेन रोड निर्माण कार्य 643 करोड़ रुपये की लागत से किया जाएगा।

दुर्घटनाओं के चलते लंबे समय से इस रोड को फोरलेन में परिवर्तित करने की मांग चल रही थी, जिसके बाद केंद्रीय सड़क परिवहन व राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने सितंबर 2022 में ग्वालियर में एलिवेटेड रोड निर्माण कार्य के भूमिपूजन के समय इस रोड को फोरलेन में बदलने की घोषणा की थी। इसके बाद साढ़े तीन साल तक यह मामला मध्य प्रदेश रोड डेवलपमेंट कार्पोरेशन (एमपीआरडीसी) और नेशनल हाइवे अथारिटी आफ इंडिया (एनएचएआइ) के बीच झूलता रहा। पहले एमपीआरडीसी द्वारा इसकी डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट तैयार करने की प्रक्रिया की जा रही थी, क्योंकि इस रोड का काफी हिस्सा स्टेट हाइवे में आता है। हालांकि बाद में बजट की स्थिति को देखते हुए यह प्रोजेक्ट एनएचएआइ के हवाले कर दिया गया। एनएचएआइ के अधिकारियों ने इसकी डीपीआर तैयार कर अब टेंडर प्रक्रिया शुरू की है।

naidunia_image

नए बायपास भी तैयार होंगे

इस प्रोजेक्ट के अंतर्गत ग्वालियर से भिंड और इटावा के बीच नए बायपास भी तैयार किए जाएंगे। रोड चौड़ीकरण कार्य के लिए मालनपुर, गोहद आदि क्षेत्र में भू-अर्जन भी किया जाएगा, क्योंकि यहां वर्तमान रोड किनारे ही लोगों की निजी जमीनें हैं। हालांकि फिलहाल भिंड जिला प्रशासन ने परियोजना के अंतर्गत आने वाले गांवों में जमीन की खरीद-फरोख्त पर रोक लगा दी है। एनएचएआइ के अधिकारियों के मुताबिक वर्तमान में फोरलेन रोड निर्माण की लागत ही 1825 करोड़ रुपये आएगी, जबकि भू-अर्जन के लिए अलग से बजट प्राप्त होगा।

टेंडर प्रक्रिया शुरु

पुरानी छावनी से गोला का मंदिर और भिंड रोड होते हुए इटावा तक वर्तमान रोड को फोरलेन में परिवर्तित करने के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस रोड का निर्माण दो पैकेज के अंतर्गत किया जाएगा। -भारत सिंह, जनरल मैनेजर और प्रोजेक्ट डायरेक्टर एनएचएआइ



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *