प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने लोक निर्माण विभाग (PWD) के पूर्व इंजीनियर-इन-चीफ (ईएनसी) गोविंद प्रसाद मेहरा के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 67 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की चल और अचल संपत्तियां कुर्क कर ली हैं। जांच में आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोपों के बीच मेहरा और उनके परिवार से जुड़ी संपत्तियों का खुलासा हुआ है। 

ईडी की जांच में सामने आया कि नर्मदापुरम जिले के सोहागपुर क्षेत्र के सैनी गांव में लगभग 72 एकड़ भूमि पर विकसित एक विशाल कृषि फार्म को अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त लग्जरी फार्महाउस का स्वरूप दिया गया था। परिसर में कॉटेज, आवासीय इकाइयां, आंतरिक सड़कें, कृत्रिम जलाशय, स्विमिंग पूल तथा अन्य सुविधाएं विकसित की गई थीं। जांच एजेंसी के अनुसार इस संपत्ति का बाजार मूल्य करीब 49 करोड़ रुपये से अधिक और विकास कार्यों पर लगभग 16 करोड़ रुपये खर्च किए गए थे।

ये भी पढ़ें-  त्विषा शर्मा केस: चोटों के सवाल पर नहीं मिले जवाब, गिरिबाला-समर्थ को फिर रिमांड पर लेने की तैयारी

मामले की शुरुआत लोकायुक्त पुलिस द्वारा दर्ज उस प्रकरण से हुई, जिसमें गोविंद प्रसाद मेहरा पर सेवा अवधि के दौरान आय के ज्ञात स्रोतों से अधिक संपत्ति अर्जित करने का आरोप लगाया गया था। जांच में पाया गया कि सरकारी सेवा के दौरान उनकी वैध आय की तुलना में कहीं अधिक संपत्ति और खर्च सामने आए, जिससे बड़ी मात्रा में अनुपातहीन संपत्ति का मामला उजागर हुआ। ईडी द्वारा की गई तलाशी कार्रवाई में 8.79 लाख रुपये नकद, करीब 3.51 करोड़ रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण तथा अन्य कीमती वस्तुएं भी बरामद की गई थीं। एजेंसी का दावा है कि इन परिसंपत्तियों के स्रोत के संबंध में संतोषजनक और प्रमाणिक दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए जा सके। 

ये भी पढ़ें-  MP Cabinet: MP News: सीएम मोहन यादव ने दी बड़ी राहत, 48.32 लाख निजी संपत्तियों की रजिस्ट्री कराएगी सरकार

कृषि फार्म को दिया रिसॉर्ट का रूप

जांच के दौरान यह भी सामने आया कि कृषि उपयोग के नाम पर विकसित परिसर में कई ऐसी सुविधाएं मौजूद थीं, जो इसे एक आलीशान निजी रिसॉर्ट का स्वरूप देती थीं। ईडी ने धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत कार्रवाई करते हुए फार्महाउस, आवासीय भवन, नकदी, आभूषण और अन्य संपत्तियों को अस्थायी रूप से कुर्क कर लिया है। फिलहाल एजेंसी द्वारा मामले की जांच की जा रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *