भोपाल के हाईप्रोफाइल त्विषा शर्मा संदिग्ध मौत मामले में पति समर्थ सिंह को रातभर कटारा हिल्स थाने में रखा गया। थाने के बाहर बैरिकेडिंग कर दी गई है, ताकि कोई बिना अनुमति थाने के अंदर प्रवेश न कर सकें।थाने के अंदर मीडिया के प्रवेश की भी अनुमति नहीं दी जा रही है। थाने के अंदर जितना पुलिस बल तैनात है, उतना ही बल बाहर भी लगाया गया है। कुछ अतिरिक्त पुलिस बल भी दूसरे थानों से वहां भेजा गया है।
कोई गोपनीय बातचीत नहीं हो सकी
देर रात पुलिस के एक डीसीपी, क्राइम ब्रांच के कुछ अधिकारी और त्विषा शर्मा मामले में दर्ज दहेज हत्या केस की गठित एसआईटी के प्रमुख रजनीश कश्यप सहित आधा दर्जन पुलिस अधिकारियों की टीम थाने में मौजूद रही। समर्थ सिंह की ओर से दो अधिवक्ता भी देर रात उनसे मिलने पहुंचे थे, लेकिन उनकी समर्थ सिंह से कोई गोपनीय बातचीत नहीं हो सकी। वहीं समर्थ की मां गिरिबाला सिंह थाने नहीं पहुंचीं।
तीन दिन की रिमांड मांगे जाने की संभावना
समर्थ सिंह को शनिवार सुबह पुलिस ने चाय और नाश्ता दिया। उन्हें घर का बना सामान मंगाने की अनुमति नहीं दी गई। सुबह से ही थाने के बाहर मीडिया का जमावड़ा लगा रहा। समर्थ सिंह को भोपाल पुलिस जयप्रकाश चिकित्सालय में मेडिकल कराने के बाद भोपाल जिला अदालत में पेश करेगी। पुलिस समर्थ सिंह को पूछताछ के लिए रिमांड पर लेने की तैयारी में है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, तीन दिन की रिमांड मांगे जाने की संभावना है।
एसआईटी प्रमुख एसीपी रजनीश कश्यप ने बताया कि पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि फरारी के दौरान समर्थ सिंह को किन-किन लोगों ने मदद की, वह कहां छिपा रहा, किस रास्ते से जबलपुर पहुंचा और इस दौरान किन लोगों से संपर्क करने का प्रयास किया।
ये भी पढ़ें- MP: दोबारा पोस्टमार्टम से कौन से राज खुलेंगे? गिरिबाला सिंह की जमानत के खिलाफ क्यों खड़ी हुई सरकार? जानिए!
घटना वाली रात की कहानी में झोल?
आधी रात से अल सुबह तक समर्थ सिंह से हुई पूछताछ में पुलिस ने 12 मई की घटनाओं को लेकर कई सवाल किए। पुलिस ने पूछा कि
- सुबह त्विषा शर्मा को ब्यूटी पार्लर ले जाने और वहां से लौटने के बाद दिनचर्या क्या रही ?
- आत्महत्या की जानकारी सबसे पहले किसे मिली ?
- किसने सबसे पहले शव को देखा, फिर क्या किया?
- गिरिबाला सिंह ने क्या कदम उठाए?
- घटना के कितने मिनट बाद पुलिस को सूचना दी गई?
पुलिस के अनुसार समर्थ सिंह से इन सभी बिंदुओं पर बारीकी से सवाल किए गए। हालांकि वो पत्नी के आत्महत्या करने और खुद को झूठे केस में फंसाए जाने की बात कहता रहा।
ये भी पढ़ें- Twisha Sharma Case: ‘जज के कमरे में था समर्थ’, त्विषा के वकील का बड़ा दावा; आरोपी को भोपाल ले जा रही पुलिस
जानें क्या बोले गिरिबाला सिंह के वकील?
भोपाल में गिरिबाला सिंह के वकील ज्ञानेंद्र शर्मा ने कहा कि जमानत याचिका दाखिल होने के बाद उसे निरस्त करने की याचिका भी लगाई गई है, जिस पर कोर्ट ने नोटिस जारी किया है। यदि पुलिस बयान दर्ज कराने के लिए बुलाएगी तो निश्चित रूप से आरोपी को ले जाया जाएगा। पुलिस समर्थ सिंह को कोर्ट में पेश करेगी और उसकी जमानत आवेदन दाखिल किया जाएगा।
