भिंड जिले के इंदुर्खी गांव निवासी एक युवक का शव सिंध नदी किनारे बीहड़ क्षेत्र में पेड़ से फंदे पर लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। युवक पिछले दो दिनों से लापता था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। मामला संदिग्ध होने के चलते पुलिस विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है।

पुलिस के अनुसार, दिनेश पुत्र सरनाम सिंह बघेल निवासी इंदुर्खी बुधवार रात करीब 9 बजे घर से निकला था, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटा। दिनेश टेंट व्यवसाय से जुड़ा हुआ था। शुरुआत में परिजनों को लगा कि वह किसी काम से बाहर गया होगा, लेकिन जब उसका मोबाइल लगातार स्विच ऑफ मिला तो परिजन उसकी तलाश में जुट गए।

बताया गया है कि रात करीब 1 बजे गांव के लोगों ने परिजनों को सूचना दी कि सिंध नदी किनारे बीहड़ इलाके में नीम के पेड़ पर एक शव लटका हुआ है। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान दिनेश बघेल के रूप में की। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही रौन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से उतारवाया। युवक ने टेंट में इस्तेमाल होने वाले पर्दे के कपड़े से फंदा बनाया था। शव करीब 15 फीट ऊंचे पेड़ पर लटका मिला।

पढ़ें: तमंचे के साए में युवती और मासूम का ‘अपहरण’! CCTV में कैद हुई घटना, कैसे एक वीडियो ने पलट दी कहानी?

मृतक के भाई पुष्पेंद्र बघेल ने हत्या की आशंका जताई है। उनका कहना है कि दिनेश किसी प्रकार के मानसिक तनाव में नहीं था और उसका व्यवसाय भी ठीक चल रहा था। परिजनों का आरोप है कि किसी ने हत्या कर शव को पेड़ पर लटका दिया है।

वहीं रौन थाना प्रभारी राजवीर गुर्जर ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *