भीषण गर्मी के बीच मध्यप्रदेश में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई जिलों में आंधी, गरज-चमक और बारिश का दौर देखने को मिला। कई स्थानों पर तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जिससे तापमान में गिरावट आई और लोगों को गर्मी से राहत मिली। मौसम विभाग के अनुसार, यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवाती परिसंचरण के सक्रिय होने के कारण हुआ है, जिससे वातावरण में नमी बढ़ी है और प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में अस्थिर मौसम बना हुआ है। वहीं सोमवार को अधिकतम तापमान 44 डिग्री तक पहुंच गया।

इन जिलों में दर्ज हुई बारिश और आंधी

बीते 24 घंटों में भोपाल, विदिशा, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, सागर, दमोह, शहडोल, अनूपपुर, मंडला, सिवनी, रीवा, मऊगंज, डिंडोरी और आसपास के कई इलाकों में बारिश हुई। कुछ जिलों में तेज हवाओं के साथ बूंदाबांदी तो कहीं मध्यम बारिश दर्ज की गई। ग्रामीण इलाकों में आंधी के कारण पेड़ों की डालियां टूटने और बिजली आपूर्ति प्रभावित होने की खबरें भी सामने आई हैं।

कहीं राहत तो कहीं आफत बनी बारिश

जहां एक ओर बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली, वहीं कुछ इलाकों में तेज आंधी और बारिश ने परेशानी भी बढ़ा दी। कई जगहों पर बिजली गुल होने, पेड़ गिरने और फसलों को नुकसान की स्थिति सामने आई है, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है। मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि आने वाले चार दिनों तक प्रदेश में मौसम इसी तरह बना रहेगा। अलग-अलग संभागों में अलग-अलग दिनों पर गरज-चमक, बारिश और तेज हवाओं की गतिविधियां जारी रहेंगी।

अगले 4 दिन तक जारी रहेगा मौसम का असर

पहला दिन: भोपाल, विदिशा, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, आगर, शाजापुर, सागर और दमोह में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और तेज हवाएं

दूसरा दिन: रीवा, मऊगंज, शहडोल, अनूपपुर, डिंडोरी, मंडला, सिवनी और बालाघाट में बारिश और आंधी

तीसरा दिन: जबलपुर, नरसिंहपुर, कटनी, उमरिया और छिंदवाड़ा में सक्रिय मौसम, गरज-चमक के साथ बारिश

चौथा दिन: ग्वालियर-चंबल और मालवा-निमाड़ के जिलों जैसे नीमच, मंदसौर, धार, खरगोन और बड़वानी में आंधी और हल्की बारिश

तेज आंधी और ओलावृष्टि का अलर्ट

सीधी, अनूपपुर और नीमच के कुछ हिस्सों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ ही गरज-चमक और कहीं-कहीं ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है। बारिश और बादलों के असर से प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान में 2 से 4 डिग्री तक गिरावट दर्ज की गई है। हालांकि उमस के कारण कुछ इलाकों में अभी भी लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

यह भी पढ़ें-चार साल में पूरी हुई परीक्षा, फिर भी नहीं मिली नौकरी, अब 6 मई को DPI का घेराव करेंगे चयनित शिक्षक

आज कहां कितना रहा तापमान

रायसेन: 44.0°C

खरगोन: 43.0°C

खंडवा: 42.1°C

बैतूल: 40.7°C

भोपाल: 40.4°C

रतलाम: 40.5°C

इंदौर: 38.2°C

उज्जैन: 39.0°C

ग्वालियर: 34.8°C

दतिया: 34.8°C

इन जिलों में तापमान में गिरावट

बारिश और बादलों के कारण ग्वालियर (-4.8°C), दतिया (-5.2°C), शिवपुरी (-3°C), टीकमगढ़ (-3.5°C), खजुराहो (-7.2°C) और सागर (-1.6°C) में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। इन इलाकों में मौसम बदलने से गर्मी से राहत मिली।

यह भी पढ़ें-भोपाल में SDM ऑफिस के बाहर धरने पर बैठे, प्रशासनिक ढिलाई के खिलाफ किसानों का प्रदर्शन

इन में बढ़ा तापमान

वहीं कुछ जिलों में तापमान बढ़ा भी है। नर्मदापुरम (+1.9°C), खंडवा (+0.4°C), खरगोन (+0.2°C), मंडला (+0.9°C) और जबलपुर (+0.8°C) में पारा बढ़ा है, जिससे यहां गर्मी का असर बरकरार है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। तेज आंधी और बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की अपील की गई है। किसानों को भी फसलों की सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठाने को कहा गया है।

 



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *