भिंड जिले के लहार थाना क्षेत्र के ग्राम सिकरी जागीर में एक मुस्लिम परिवार की शादी समारोह के दौरान डीजे पर नृत्य को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई और दोनों पक्षों के लोगों ने लाठी-डंडों, चाकू-छुरियों से हमला कर दिया। घटना में कई लोग घायल हुए, वहीं कुछ चारपहिया वाहनों में भी तोड़फोड़ की गई। विवाद के चलते बारात बिना दुल्हन के वापस लौट गई।

जानकारी के अनुसार, सोमवार देर रात ग्राम सिकरी जागीर में शादी समारोह चल रहा था। बारात के द्वार पर पहुंचने के दौरान लड़की के मामा पक्ष और दूल्हे के ससुराल पक्ष के बीच डीजे पर डांस को लेकर विवाद शुरू हुआ। कुछ ही देर में दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और मारपीट शुरू हो गई। इस दौरान लाठी-डंडों और धारदार हथियारों का इस्तेमाल किया गया। उपद्रवियों ने कई वाहनों पर भी हमला कर उनके कांच तोड़ दिए।

पढ़ें:  दबे पांव घर में घुसकर महिला के हाथ-पैर बांधे, फिर की दरिंदगी; पति घर पहुंचा तो उसका किया ये हाल

एक पक्ष के शब्बीर खान निवासी डरमनपाली ने आरोप लगाया कि हारून खान, इरफान खान और कल्लू खान ने उसके साथ मारपीट की तथा बारात में किराये पर लाई गई कारों में तोड़फोड़ की। वहीं दूसरे पक्ष के इरफान खान निवासी टुड़ीला, मालनपुर ने शिकायत में कहा कि आरिफ खान ने उसके चचेरे भाई जहीर खान और चाचा आलम शरीफ पर लोहे के डंडे से हमला कर उन्हें घायल कर दिया।

मारपीट की इस घटना में आरिफ खान निवासी टुड़ीला घायल हो गए, जबकि उनके चाचा आलम शरीफ को भी चोटें आई हैं। जहीर खान के साथ भी डंडों से मारपीट किए जाने की बात सामने आई है। दूसरी ओर, समीर खान निवासी डरमनपाली ने भी पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया कि उसके साथ मारपीट की गई, जिससे उसकी पीठ सहित शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं।

घटना के बाद दोनों पक्ष लहार थाने पहुंचे। पुलिस ने घायलों का चिकित्सीय परीक्षण कराया और दोनों पक्षों की शिकायत पर क्रॉस एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस ने घटनास्थल से कुछ चाकू भी बरामद किए हैं। मामले की जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *