शिवपुरी शहर के छोटा लुहारपुरा क्षेत्र में शनिवार दोपहर पानी भरने को लेकर हुए विवाद में नगर पालिका के टैंकर कर्मी पर हमला कर दिया गया। आरोपी ने लोहे की बाल्टी फेंककर टैंकर कर्मी को घायल कर दिया, जिससे उसकी नाक फट गई। घायल कर्मी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

सिरसौद थाना क्षेत्र के मेमदपुर निवासी मजबूत सिंह रावत ने पुलिस को बताया कि वह अपने साथी शिवसिंह धाकड़ के साथ नगर पालिका के टैंकर से पानी वितरण कर रहा था। दोपहर करीब 2:30 बजे दिनेश रेडियो के सामने वाली गली में आसू सोनी नाम का युवक जबरन टैंकर पर चढ़कर पानी भरने लगा।

मजबूत सिंह ने उसे रोका और नियम के अनुसार पानी भरने की बात कही। इस पर आरोपी भड़क गया और गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर उसने हाथ में मौजूद लोहे की बाल्टी उठाकर मजबूत सिंह पर हमला कर दिया। बाल्टी सीधे उसकी नाक पर लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और खून बहने लगा।

पढ़ें: राजगढ़ की चार नगर परिषदों में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, प्रभारी CMO हटाए गए

मौके पर मौजूद रामेश्वर कुशवाह और दिलीप रजक ने बीच-बचाव कर स्थिति संभाली। इसके बाद घायल को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।

पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी आसू सोनी के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज और हमला करने की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है। गर्मी और जल संकट के बीच शहर में टैंकरों से पानी की सप्लाई की जा रही है। ऐसे में पानी को लेकर विवाद और टैंकर कर्मियों पर हमले की घटनाएं चिंता बढ़ा रही हैं।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *