जयपुर पुलिस ने गर्भवती महिला से छेड़छाड़ के सनसनीखेज मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी राहुल घुरैया उर्फ राज उर्फ राहुल गुर्जर (33) को मध्यप्रदेश के मुरैना से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को प्रोडक्शन वारंट पर मुरैना जेल से कोर्ट में पेश कर जयपुर लाया गया। इस दौरान आरोपी ने पुलिस गिरफ्त से भागने की कोशिश की, जिसमें गिरने से उसके हाथ-पैर फ्रैक्चर हो गए।

डीसीपी ईस्ट रंजिता शर्मा के अनुसार, इस मामले में आरोपी के दो सहयोगियों शुभम अग्रवाल उर्फ सिद्धार्थ (29) और बाबूलाल बराला (28) को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने फरारी के दौरान इस्तेमाल की गई कार भी जब्त कर ली है।

पुलिस जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी राहुल गुर्जर आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ मध्यप्रदेश में 33 आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें आर्म्स एक्ट, हत्या का प्रयास, मारपीट और छेड़छाड़ जैसे गंभीर अपराध शामिल हैं। जयपुर में भी उसके खिलाफ 5 मामले दर्ज किए गए हैं।

पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि उसने पिछले एक महीने में जयपुर के जवाहर सर्किल, सांगानेर, बजाज नगर और रामनगरिया इलाकों में चार अलग-अलग युवतियों से सरेराह छेड़छाड़ की। यह घटनाएं इलाके में दहशत का कारण बनी हुई थीं।

पढ़ें- नीमराना में मजदूरों का हंगामा: पत्थरबाजी में कांच टूटे, पुलिस तैनात; मांगों को लेकर कंपनी गेट पर डटे 250 कामगार

25 मार्च को मालवीय नगर में गर्भवती महिला से छेड़छाड़ की घटना सीसीटीवी में कैद हो गई थी। वीडियो सामने आने के बाद 12 अप्रैल को जवाहर सर्किल थाने में मामला दर्ज किया गया। घटना के बाद आरोपी अपने साथियों की मदद से फरार हो गया और पाली, गुजरात, ग्वालियर व मुरैना में छिपता रहा।

15 अप्रैल को आरोपी ने मुरैना कोर्ट में 2018 के एक डकैती मामले में सरेंडर की अर्जी दी। सूचना मिलने पर जयपुर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार कर लिया।

फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और उसके अन्य आपराधिक नेटवर्क व मामलों की जांच जारी है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *