मध्य प्रदेश में मौसम ने अचानक ऐसा करवट बदला है कि लोग बारिश और ठंडी हवाओं को भूलकर अब भीषण गर्मी और लू से जूझ रहे हैं। मई के पहले पखवाड़े में जहां प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में आंधी-बारिश और ओलावृष्टि का दौर चला, वहीं अब सूरज आग बरसा रहा है। शनिवार को प्रदेश के 15 शहरों में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। खंडवा और नौगांव सबसे गर्म शहर रहे, जहां पारा 44 डिग्री के पार पहुंच गया। दोपहर के समय सड़कें सुनसान नजर आईं और लोग छांव तलाशते दिखे। राजधानी भोपाल में रविवार को तापमान 42.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। तेज धूप और गर्म हवाओं के चलते दोपहर के समय न्यू मार्केट, बिट्टन मार्केट और पुराने शहर के बाजारों में सामान्य दिनों की तुलना में कम भीड़ दिखाई दी। लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकले।

खंडवा, खरगोन और रतलाम में सबसे ज्यादा खतरा

मौसम विभाग ने रविवार को खंडवा, खरगोन और रतलाम में तीव्र लू का अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार इन इलाकों में तापमान 44 डिग्री के पार जा सकता है। इसके अलावा इंदौर, उज्जैन, धार, झाबुआ, बड़वानी, अलीराजपुर और बुरहानपुर समेत कई जिलों में गर्म हवाएं लोगों की मुश्किलें बढ़ाएंगी।

भोपाल-जबलपुर समेत कई शहरों में हीट वेव का असर

भोपाल, जबलपुर, ग्वालियर, भिंड, मुरैना, दतिया, शिवपुरी, श्योपुर, सीहोर, नर्मदापुरम, बैतूल, छिंदवाड़ा, सिवनी, बालाघाट और शहडोल समेत कई जिलों में तेज गर्मी और लू का असर बना रहेगा। मौसम वैज्ञानिकों ने साफ कहा है कि अगले तीन दिन प्रदेश के लिए बेहद गर्म रहने वाले हैं।

13 दिन बारिश के बाद अचानक बढ़ी गर्मी

मई महीने की शुरुआत में प्रदेश में लगातार मौसम बदला हुआ था। 30 अप्रैल से 15 मई के बीच 13 दिन तक कहीं न कहीं आंधी, बारिश या ओलावृष्टि हुई। वेस्टर्न डिस्टरबेंस, साइक्लोनिक सर्कुलेशन और ट्रफ लाइन के असर से मौसम ठंडा बना रहा, लेकिन अब सिस्टम कमजोर पड़ते ही गर्मी ने रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया है।

यह भी पढ़ें-फिर सड़कों पर उतरे अभ्यर्थी, DPI में किया प्रदर्शन, युवती की बिगड़ी तबीयत

दोपहर 12 से 3 बजे तक सबसे ज्यादा असर

मौसम वैज्ञानिकों ने लोगों को दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच खास सतर्क रहने की सलाह दी है। इस दौरान लू का असर सबसे ज्यादा रहेगा। जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलने की अपील की गई है। प्रदेश में अगले तीन दिन तक राहत के आसार नहीं हैं। मौसम विभाग के मुताबिक फिलहाल बारिश का कोई सिस्टम सक्रिय नहीं है, ऐसे में गर्मी का प्रकोप और बढ़ सकता है।

यह भी पढ़ें-पेट्रोल-डीजल की महंगाई पर महिला कांग्रेस का धक्का मार्च, सड़क पर वाहन धकेलकर जताया विरोध; की ये मांग

मौसम विभाग की एडवाइजरी

– दिनभर पर्याप्त पानी पीते रहें

– ज्यादा देर तक धूप में न रहें

– हल्के रंग के सूती कपड़े पहनें

– बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें

– बाहर निकलते समय सिर और चेहरे को ढंककर रखें

 



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *